मोहाली। विदेश में बैठे गैंगस्टर अर्शदीप सिंह व गुरजंट सिंह जंटा के आदेश पर पंजाब में रसूखदार लोगों से रंगदारी मांगने व हिंदू नेताओं का निशाना बनाने वाले दो आरोपियों को स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल ने काबू किया है। आरोपियों की पहचान सुमित कुमार वासी सोनीपत (हरियाणा) व शाहरुख खान वासी सुल्ताननगर जिला मेरठ (उत्तर प्रदेश) नाम के रूप में हुई। आरोपियों को एयरपोर्ट रोड पर गांव छत लाइट चौक पर काबू किया गया है। उनसे दो पिस्टल व सात कारतूस बरामद हुए हैं।
स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल के एआईजी अश्वनी कुमार ने बताया कि कुछ दिन पहले उन्हें सूचना मिली थी कि अर्शदीप सिंह वासी डाला जिला मोगा हाल वासी कनाडा और गुरजंट सिंह जंटा वासी गांव सुहावी जिला फतेहगढ़ साहिब हाल वासी आस्ट्रेलिया में बैठकर देश विरोधी गतिविधियां चला रहे हैं। उन्होंने आईएसआई के जरिए पंजाब में अपने साथियों को असलहा पहुंचाया है। साथ ही यह लोग राज्य के रसूखदार लोगों से रंगदारी वसूल रहे हैं। इसके अलावा यह व्यक्ति पंजाब की शांति को भंग करने व हिंदू नेताओं की निशाना बनाने का भी प्रयत्न कर रहे हैं।
मोहाली में किसी को धमकी देने से पहले धरे
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने माना कि वे फेसबुक के माध्यम से अर्शदीप व गुरजट सिंह के संपर्क में थे। साथ ही मोहाली में किसी रसूखदार व्यक्ति को धमकाने के लिए आए थे। उन्होंने पीसीए लाइट प्वाइंट के पास पहुंचकर अर्शदीप व गुजरंट की बताई लोकेशन पहुंचना था लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें काबू कर लिया।