लालड़ू। दप्पर टोल प्लाजा पर संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर एक बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान किसानों ने 5 सितंबर को मुजफ्फरनगर में होने वाली रैली में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेने के लिए अपील की। इस मौके पर भारतीय किसान यूनियन लखोवाल के नेता मनप्रीत सिंह अमलाला, करम सिंह बरोली ने कहा कि भारतीय किसान यूनियन राकेश टिकैत के राष्ट्रीय नेतृत्व में 5 सितंबर को जीआईसी ग्राउंड, मुजफ्फरनगर में रैली का आयोजन किया गया है। इस दौरान उक्त रैली में देशभर से संयुक्त किसान मोर्चा के नेता और बड़ी संख्या में किसान-मजदूर व आम जनता भी पहुंचेगी और मोदी सरकार के प्रति रोष प्रकट करेंगे।
उन्होंने किसानों से कहा कि जो किसान भाई उक्त रैली में जाना चाहता है, वह 4 सितंबर को अपने-अपने वाहनों और झंडों सहित पहुंचे। जिससे दोपहर 2 बजे दप्पर टोल प्लाजा से रवाना हो सकें। उन्होंने कहा कि रैली वाले दिन भारी भीड़ से बचने के लिए एक दिन पहले ही उक्त रैली वाली जगह पर पहुंचना ठीक होगा। इस अवसर पर मनप्रीत सिंह अमलाला, करम सिंह बरोली, कुलदीप सिंह सरसिनी, नानू सिंह, बलजीत सिंह भाऊ, हरमिंदर सिंह करकोर, सोनू बटोली सहित अन्य किसान मौजूद थे।