दोनों ने एक पार्टनरशिप में राज किया। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों ने पंजाब को लूटा लेकिन अब लोगों ने तय किया है कि अब इन दोनों को उखाड़कर पंजाब की सरकार बनाएंगे। उन्होंने कहा कि वह पूरे पंजाब में घूमे हैं, लोगों से मिले है। इसी के आधार पर उन्होंने 10 सूत्रीय अपना पंजाब मॉडल पेश किया है।
आप की सरकार आने पर एक खुशहाल, तरक्की वाला पंजाब बनाएंगे। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के बाद से लेकर अब तक कोई सबसे ईमानदार पार्टी है तो वह आप है। जब आप सच्चाई के मार्ग पर चलते है तो कीचड़ फेंका जाता है। इस मौके उनके साथ आप के सीनियर नेता भगवंत मान व राघव चड्ढा भी मंच पर मौजूद रहे।
ये है आप का 10 सूत्रीय एजेंडा
रोजगार: अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाब के युवा रोजगार के लिए धक्के खा रहे है। हर घर में बेरोजगार हैं। युवा कनाडा की तरफ तरफ जा रहे हैं। सरकार आने पर ऐसे रोजगार के अवसर पैदा करेंगे कि विदेश से युवा पंजाब आना शुरू करेंगे। हमने दिल्ली में 10 लाख युवाओं को कोविड काल में रोजगार दिया है।
नशा: पंजाब के कुछ युवा तो कनाडा या अन्य देशों में चले गए और बाकी पंजाब की जवानी नशे में डूबी हुई है। पिछली बार जब कांग्रेस की सरकार आई तो दावा किया था कि नशा खत्म करेंगे लेकिन ऐसा नहीं हुआ, क्योंकि इन सबकी सांठगांठ है। नशा बेचने वाले गिरोह को खत्म करेंगे। पंजाब को नशा मुक्त बनाएंगे।
पंजाब में शांति व्यवस्था कायम करना: पंजाब के अंदर शांति व कानून-व्यवस्था कायम करेंगे। बेअदबी की घटनाएं बढ़ी हैं लेकिन किसी एक भी मामले में सजा नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस बहुत काबिल है। पुलिस को खुली पावर देकर तो देखे लेकिन इस काम में भी बड़े लोग शामिल थे। उनकी पहुंच काफी ऊपर तक थी। सरकार आने पर सभी आरोपियों को सजा दिलाएंगे। हमारी किसी पार्टी से सेटिंग नहीं है। पंजाब में शाति व्यवस्था व भाईचार कायम करेंगे।
भ्रष्टाचार मुक्त पंजाब: आज पंजाब में पैसे की कमी नहीं है, टैक्स का भी बहुत पैसा आ रहा है लेकिन फिर भी साढ़े तीन लाख करोड़ रुपये का घाटा है। आखिर यह पैसा कहा गया, नेताओं की जेब में पैसा गया है। दिल्ली की तरह भ्रष्टाचार मुक्त पंजाब होगा। सरकारी दफ्तरों में बिना पैसे से काम होगा।
शिक्षा: पंजाब के सरकारी स्कूलों में शिक्षा का बुरा हाल है। शिक्षक धरनों पर बैठ रहे हैं। उन पर लाठीचार्ज तक किया जा रहा है। इसको बदला जाएगा। सरकार आने पर शिक्षा के स्तर में सुधार होगा।
स्वास्थ्य: पंजाब में दिल्ली की तर्ज पर 16 हजार मोहल्ला क्लीनिक बनाए जाएंगे। शानदार सरकारी अस्पताल बनाए जाएंगे। हर पंजाबी की छोटी से लेकर बड़ी बीमारी तक का इलाज फ्री होगा। इसके लिए हर पंजाबी को गारंटी दी जाएगी।
बिजली: पंजाब में बिजली सबसे मंहगी है। पंजाब बिजली पैदा करता है लेकिन फिर भी लोगों पर बोझ है। हमारी सरकारी आने पर बिजली फ्री भी की जाएगी, साथ ही 24 घंटे बिजली की सुविधा दी जाएगी।
हजार रुपये महिलाओं को: हर 18 साल से ऊपर की महिला के बैंक खाते में हर महीने एक हजार रुपये डाले जाएंगे।
खेती व्यवस्था को ठीक किया जाएगा: खेती व्यवस्था का हल निकाल जाएगा। जो मामले राज्य सरकार हल कर सकती है, उसे हम करेंगे। जो केंद्र सरकर के हाथ में है, उसके लिए केंद्र सरकार से बातचीत कर मामले निपटाएंगे।
उद्योग एवं रोजगार: इंडस्ट्री व उद्योग को उठाने के लिए काम किए जाएंगे। इंस्पेक्टर राज खत्म होगा। जब व्यापार व उद्योग सुधरेंगे तो रोजगार के अवसर बनेंगे। पंजाब का खुशहाल होगा।