मोहाली। जिले में डेंगू का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। रोजाना नए मरीज आने से सेहत विभाग की चिंता बढ़ गई है। चौबीस घंटे में रविवार को डेंगू के नए 143 मरीज सामने आए हैं। इनका इलाज अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा है। वहीं दूसरी ओर, सेहत विभाग के लिए राहत की खबर यह है कि डेंगू से किसी भी व्यक्ति की मौत नहीं हुई। अब नए मरीजों को मिलाकर जिले में कुल मरीजों की संख्या 1554 हो गई है। इसकी पुष्टि करते हुए जिला सेहत विभाग की सिविल सर्जन डॉ. आदर्शपाल कौर ने सभी को डेंगू से बचाव के लिए सावधानियां बरतने की हिदायत दी है।
जानकारी के मुताबिक सेहत विभाग की ओर से जिले में कोरोना महामारी की रोकथाम के साथ-साथ डेंगू बुखार से बचाव के लिए जागरूक किया जा रहा है। इसके बावजूद डेंगू पीड़ितों की संख्या बढ़ रही है। रविवार को स्थानीय नगर निगम और सेहत विभाग के अधिकारियों ने उन क्षेत्रों का दौरा किया जहां से डेंगू बुखार से पीड़ित मरीज सामने आ रहे हैं। उक्त क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के घरों के अंदर जाकर लारवा की जांच की जा रही है और लोगों की ओर से लापरवाही करके जमा किए जाने वाले पानी को बर्तनों या अन्य चीजों से खाली करवाया गया।
सिविल सर्जन डॉ. आदर्शपाल कौर ने कहा कि डेंगू से निपटने के लिए सेहत विभाग की ओर से टीमों का गठन किया गया है। यह टीमें समय-समय पर विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों को डेंगू से बचाव के लिए जागरूक कर रही हैं। इसके साथ ही सिविल अस्पताल के अंदर 50 बेडों का वार्ड तैयार किया गया है, जिससे गंभीर मरीजों को इसमें रखकर समय पर इलाज किया जा सके।