मोहाली के जीरकपुर-अंबाला रोड स्थित एक नामी होटल में म्यूजिक नाइट के दौरान शराब कारोबारी और उसके साथियों ने जमकर हंगामा किया। इतना ही नहीं होटल में महिला की चोरी-छिपे वीडियो भी बनाया और भद्दे कमेंट किए। इस मामले में शराब कारोबारी और उसके साथियों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए केस दर्ज किया है। पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार आरोपी की पहचान विवेक जैन निवासी गली नंबर-2, आदर्श नगर, डेराबस्सी के रूप में हुई है। आरोपी विवेक जैन शुक्रवार को अपने 3-4 साथियों के साथ नशे की हालत में होटल पहुंचा और म्यूजिक नाइट के दौरान एक महिला पर नजर रखते हुए अपने मोबाइल से वीडियो बनाने लगा। जब होटल स्टाफ और सुरक्षा कर्मियों ने विरोध उसका विरोध किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और वीडियो डिलीट करने से इनकार कर दिया।
हंगामा होते देख होटल मालिक मौके पर पहुंचे और उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी और उसके साथी हाथापाई पर उतर आए। आरोप है कि इस दौरान विवेक जैन का एक साथी महिला के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करता रहा। आरोपियों ने जाते समय होटल मालिक और उसके परिवार को धमकी दी कि वे गैंगस्टरों की मदद से उन्हें नुकसान पहुंचाएंगे और महिला की वीडियो से छेड़छाड़ कर सोशल मीडिया पर अपलोड करेंगे।
होटल प्रबंधन का यह भी कहना है कि आरोपी पहले भी होटल की महिला कर्मचारियों से छेड़छाड़ कर चुका है, लेकिन मामला बढ़ने से बचने के लिए शिकायत दर्ज नहीं करवाई गई थी। अब घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस में लिखित शिकायत देकर विवेक जैन और उसके साथियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। होटल मालिक ने कहा कि होटल में काम करने वाला सारा स्टाफ उनके पारिवारिक सदस्यों जैसा है जिसके साथ किसी भी कीमत पर बदतमीजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।