हत्या के कुछ दिन पहले गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ने भाई और भांजे को विदेश भगा दिया था। भांजे सचिन बिश्नोई और भाई अनमोल को फर्जी पासपोर्ट मुहैया कराने काआरोप है।
पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के कुछ दिन पहले गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ने अपने भांजे सचिन बिश्नोई और छोटे भाई अनमोल बिश्नोई को फर्जी पासपोर्ट के जरिए विदेश भगा दिया था। गैंगस्टर दीपक उर्फ टीनू को इन्हें फर्जी पासपोर्ट मुहैया कराने के मामले में स्टेट क्राइम ने शुक्रवार को रिमांड खत्म होने के बाद जिला अदालत में पेश किया गया। जज ने उसे चार दिन के रिमांड पर भेज दिया।
विज्ञापन
अदालत में पेशी के दौरान सरकारी वकील ने कहा कि गैंगस्टर टीनू पर फर्जी पासपोर्ट बनाने का गंभीर आरोप है। इसके अलावा वह पुलिस हिरासत से भी भाग चुका है। सूत्रों के अनुसार उसने पूछताछ में कई खुलासे किए हैं लेकिन उससे अभी और पूछताछ करनी है क्योंकि वह पूछताछ में सहयोग नहीं कर रहा है। उससे पूछताछ के लिए सात दिन के रिमांड की जरूरत है।
वहीं बचाव पक्ष के वकील ने कहा कि उसके मुवक्किल को मामले में झूठा फंसाया गया है। उसका इस मामले से कोई संबंध नहीं है। लिहाजा रिमांड की जरूरत नहीं है इसलिए उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जाए। पुलिस ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद आरोपी को चार दिन के रिमांड पर भेज दिया।