पीरमुछल्ला स्थित सिटी हाइट्स के मालिक के खिलाफ मुक्तसर पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम ने पीरमुछल्ला के अलावा पंचकूला स्थित आरोपियों के ठिकाने में रेड की। लेकिन आरोपी गिरफ्त में नहीं आए।
अशोक कुमार निवासी मुक्तसर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 12 मार्च, 2012 में उन्होंने सिटी हाइट्स पीरमुछल्ला (जीरकपुर) में फ्लैट खरीदने के लिए सोसाइटी के मालिक राजेंद्र व नरेंद्र से संपर्क किया। सिटी हाइट्स में फ्लैट नंबर-102 पसंद करने के बाद उन्होंने 36 लाख रुपये की राशि जमा करवा दी।
उन्होंने दिसंबर, 2015 में पजेशन देने का वादा किया। वहीं, बिल्डर ने जब अशोक को फ्लैट का पजेशन नहीं दिया तो उसने दोबारा बिल्डर से संपर्क किया। इस पर बिल्डर ने अपनी मजबूरी बताते हुए फ्लैट को पूरा करने के लिए और समय मांगा। तीन साल बीत जाने के बाद भी बिल्डर ने उसे फ्लैट का पजेशन नहीं दिया।
इसके बाद अशोक ने नवंबर, 2015 में बिल्डर राजेंद्र व नरेंद्र के खिलाफ धोखाधड़ी की शिकायत पुलिस को दी। जांच के बाद पुलिस ने राजेंद्र व नरेंद्र, उनकी पत्नियों
व एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया था।
शुक्रवार को पीरमुछल्ला के हाउसिंग प्रोजेक्ट व सेक्टर-12 व 15 के ठिकानों पर पुलिस ने आरोपियों की तलाश में छापेमारी की, लेकिन सभी आरोपी मौका पाकर भाग गए।