पिता हैं सरकारी अफसर, बेटा बन गया हेरोइन तस्कर
आरोपी ने पूछताछ में एसटीएफ के सामने किया खुलासा
खर्च निकालने के लिए निकल पड़ा था गलत रास्ते पर
बीबीए थर्ड ईयर का है स्टूडेंट, नौ तक भेजा गया रिमांड पर
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली।
एसटीएफ द्वारा नाके पर 110 ग्राम हेरोइन और तीन लाख की ड्रग मनी समेत पकड़ा गया नाईजीरियन युवक मोहाली में बीबीए की पढ़ाई करने आया था। आरोपी के पिता नाईजीरिया के एक सरकारी विभाग में अधिकारी हैं। यह बात आरोपी ने एसटीएफ को पूछताछ में बताई है। उसने पुलिस को बताया कि खर्च पूरे नहीं हो रहे थे। इस कारण वह ड्रग्स तस्करी करने लगा।
आरोपी का कहना है कि हेरोइन के साथ पकड़े जाने की सूचना उसके घरवालों को न मिले। इससे उनके सारे सपने टूट जाएंगे। उसने एसटीएफ के अधिकारियों से अपील की कि वहां की सरकार को इस बारे में सूचित न किया जाए। दूसरी तरफ आरोपी को शनिवार को अदालत में पेश किया गया। इस दौरान एसटीएफ ने कहा कि आरोपी का नेटवर्क तलाशने के लिए दिल्ली जाना है। ऐसे में उन्हें पांच दिन का रिमांड दिया जाए। अदालत ने आरोपी को नौ अप्रैल तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। एसटीएफ मामले की जांच कर रही है।
आरोपी की फ्रेंड भी पहुंची अदालत
आरोपी की गिरफ्तारी की सूचना उसके फ्रेंड को मिली तो वह भी क्लास छोड़कर अदालत पहुंच गई। उसे विश्वास नहीं हो रहा था कि आरोपी इस तरह का काम कर सकता है। आरोपी की फ्रेंड ने एसटीएफ को उसके बारे में बताया। इस दौरान वह काफी भावुक हो गई थी।
काली कमाई से सजाया था आलीशान कमरा
एसटीएफ के अनुसार, आरोपी जिस कमरे में खरड़ में रहता था, उसे बड़े ही सुंदर तरीके से सजाया था। कमरे की सजावट दिल को मोह लेती थी। एसटीएफ का कहना है कि कमरे को एंटीक लुक दी गई है। इसके अलावा कमरे में वह सभी सुविधाएं हैं, जो पांच सितारा होटल में होती है।
ऐसे पकड़ में आया था आरोपी
शुक्रवार को एसटीएफ ने नेशनल हाईवे-21 पर स्पेशल नाका लगाया था। इस दौरान एसटीएफ ने एक नाईजीरियन को 110 ग्राम हेरोइन और तीन लाख 95 हजार रुपये ड्रग मनी के साथ काबू किया था। युवक की पहचान डंमी लोलो के रूप में हुई। वह पैदल ही हेरोइन सप्लाई करता था। आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एसटीएफ पुलिस स्टेशन फेज-4 में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया गया था।