आईसीआईसीआई बैंक का एटीएम तोड़ पौने दस लाख की नगदी उड़ाई
डीएसपी कार्यालय व मुबारिकपुर पुलिस चौंकी से महज 100 मीटर की दुरी पर एटीएम
- शनिवार रात को दिया वारदात को अंजाम, सीसीटीवी कैमरे व हूटर भी तोड़ गए चोर
अमर उजाला ब्यूरो
डेराबस्सी।
मुबारिकपुर क्षेत्र स्थित आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम तोड़ कर चोर करीब नौ लाख 75 हजार रुपये ले गए। यह एटीएम डीएसपी कार्यालय व मुबारिकपुर पुलिस चौकी के महज 100 मीटर की दूरी पर है। पुलिस ने एटीएम में कैश जमा करवाने वाली कंपनी के अधिकारी की शिकायत पर चोरी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी गुरप्रीत सिंह बैंस ने बताया कि एटीएम मशीनों में नकदी जमा करवाने वाली एजीएस सर्विस एजेंसी में कार्यरत विवान सिंह निवासी मकान न. 261/2 सेक्टर-26 चंडीगढ़ ने बताया कि उनकी कंपनी आईसीआईसीआई बैंक की एटीएम में पैसे डालने व देखरेख करती है। जिसके वह इस क्षेत्र के इंचार्ज हैं। शिकायतकर्ता ने बताया कि शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे अपनी टीम के साथ मुबारिकपुर चौक स्थित एटीएम में करीब 9 लाख 75 हजार रुपये डिपॉजिट करवाए थे। बैंक रविवार को एटीएम बंद रखता है। इस कारण शनिवार शाम सात बजे यहां तैनात गार्ड शटर बंद कर चला गया। शिकायतकर्ता ने बताया कि रविवार सुबह उन्हें फोन आया, फोन करने वाले ने बताया कि एटीएम का ताला टूटा हुआ है और मशीन से कैश गायब है।
थाना प्रभारी ने कहा कि चोरों ने एटीएम का सीसीटीवी कैमरा तोड़ दिया व हूटर की तार निकाल दी। सीसीटीवी कैमरा तोड़ने के कारण पुलिस को कोई फुटेज हासिल नहीं हुई है। इस कारण चोरों का कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस को अब तक यह भी पता नहीं चल पाया है कि इस वारदात को कितने चोरों ने अंजाम दिया। जांच में सामने आया कि चोरों ने शनिवार देर रात इस वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने कटर से एटीएम काटकर नगदी वाले बक्से को तोड़कर नकदी उड़ा ली।
जहां यह वारदात हुई वह एटीएम मुबारिकपुर चौक के पास है। जबकि इससे महज 100 मीटर की दूरी पर डीएसपी पुरुषोतम सिंह बल व मुबारिकपुर पुलिस चौकी है। वहां पर पूरी रात पुलिस फोर्स तैनात रहती है। इसके बावजूद चोरों ने वारदात को अंजाम दिया, जो पुलिस की सुरक्षा पर सवाल उठाता है।
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर गुरप्रीत सिंह ने कहा कि उक्त कंपनी के अधिकारी यह जांच कर रहे हैं कि कितनी नगदी चोरी हुई है। क्योंकि कुछ नगदी बीच में खपतकारों ने निकलवा भी ली थी।
कैपशन-बैंक के बंद पड़े एटीएम का दृश्य।