बिल्डर ने 50 लाख लेकर नहीं दिया फ्लैट और दुकान, केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूर
जीरकपुर।
पीरमुछल्ला क्षेत्र में एक नामी बिल्डर ने 50 लाख रुपये लेने के बाद भी लोगों को फ्लैट्स और दुकानें नहीं दी। पुलिस ने बिल्डर और उसके पारिवारिक सदस्यों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। आरोपियों की पहचान बिल्डर बलदेव बांसल, बेटा गोपाल बांसल, पत्नी कृष्णा बांसल और राजीव कुमार के रूप में हुई है। आरोपियों की तलाश में पुलिस ने छापेमारी शुरू कर दी है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2012 के बाद प्रापर्टी बाजार में आई भारी मंदी के बाद से उक्त बिल्डर ने दफ्तर में आना जाना कम कर दिया। उसके बाद से निवेशक अपने पैसे के लिए उसके कार्यालय का चक्कर काट रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, पंचकूला की रहने वाली मीना, आकांक्षा, अनमोल कुमार के अलावा शिव कुमार निवासी पटियाला, कांता देवी निवासी अमलोह, सविंदर सिंह निवासी चंडीगढ़ और अमित गोयल आदि ने बताया कि बीसीएल होम्स प्राइवेट लिमिटेड के मालिक के पास पीरमुछल्ला क्षेत्र में फ्लैट और दुकानें खरीदने के लिए 2010 से लेकर 2012 तक 50 लाख की रकम जमा करवाई थी। लेकिन बिल्डर ने न तो फ्लैट दिया और न दुकानें दी। साथ ही उसने पैसे भी नहीं लौटाए। इससे परेशान निवेशकों ने मामले की शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद बिल्डर बलदेव बांसल, बेटा गोपाल बांसल, पत्नी कृष्णा बांसल व सहायक डायरेक्टर राजीव कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।