मुलाजिम पर गिरी लोडिंग मशीन, अस्पताल में दम तोड़ा
इंडस्ट्रियल एरिया फेज-आठ में ट्रैक्टर के पार्ट बनाने वाली कंपनी में हुआ हादसा
मृतक के परिजनों ने कहा, इंसाफ मिलने के बाद ही करेंगे अंतिम संस्कार
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली।
इंडस्ट्रियल एरिया फेज-आठ में वीरवार दोपहर लोडिंग मशीन अचानक गिर गई, जिसकी चपेट में एक मुलाजिम आ गया। गंभीर हालात में उसे सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। इसके बाद उसे नामी प्राइवेट अस्पताल में ले जा गया, वहां उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान राज किशोर निवासी बलौंगी के रूप में हुई है। मृतक के परिजनों का आरोप है कि कंपनी मालिक उनकी सुध नहीं ले रहा है। उनका कहना है कि कंपनी के घटिया प्रबंधों के कारण यह हादसा हुआ और राजकिशोर की जान गई। परिजनों ने मुआवजा देने की मांग की है। उनका कहना है कि अगर उन्हें मुआवजा न मिला तो वह कंपनी के बाहर शव रखकर प्रदर्शन करेंगे। साथ ही शव का अंतिम संस्कार भी नहीं करेंगे।
यह हादसा इंडस्ट्रियल एरिया में ट्रैक्टर के पार्ट बनाने वाली कंपनी में हुआ। मृतक के दामाद राजूरंजन ने कहा कि उनके ससुर बलौंगी के रहने वाले हैं। वह काफी समय से फेज-8 स्थित फैक्टरी में काम करते थे। वीरवार दोपहर साढे़ 12 बजे फैक्टरी में लोडिंग मशीन ऊपर जा रही थी, जिसके नीचे राजकिशोर सहित दो अन्य कर्मी काम कर रहे थे। इस दौरान लोडिंग मशीन तीनों के ऊपर गिर कई। मशीन गिरते ही दोनों वर्कर साइड में गिर गए जबकी राजकिशोर उसके नीचे आ गए, जिससे उनकी छाती दब गई। इसके बाद कर्मी घायल को आटो से सिविल अस्पताल ले। इस दौरान कंपनी मालिक भी वहां पर पहुंच गए।
मुलाजिमों का कहना है सिविल अस्पताल के डॉक्टरों ने कहा था कि मरीज की हालत काफी खराब है। उसे किसी बड़े अस्पताल में ले जाओ, लेकिन फैक्टरी मालिक इलाज के खर्च करने को राजी नहीं था। हालांकि बाद में मुलाजिम खुद ही घायल को एक अन्य अस्पताल में ले गए। मीडिया में हादसे की खबर पहुंचने के बाद मामला पूरी तरह गरमा गया। इस संबंध में जब चौकी इंचार्ज सुमित मोर से बात की गई तो उन्होंने कहा कि मृतक का परिवार सदमे में है। अभी तक बयान दर्ज नहीं हुए हैं।