नयागांव। टांडा गांव की 22 वर्षीय नवविवाहिता जसविंदर कौर के सुसाइड मामले में मायके वालों ने ससुरालियों पर उनकी बेटी को दहेज के लिए तंग करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मृतका के पिता मोहन सिंह निवासी कीरतपुर कालोनी, तहसील कालका, जिला पंचकूला की शिकायत पर पति गोल्डी सिंह व सास श्याम कौर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने गोल्डी को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतका के कजन रोशन सिंह समेत थाने के बाहर मौजूद लोगों ने बताया कि जसविंदर कौर की शादी इसी साल फरवरी में गांव टांडा के गोल्डी सिंह के साथ हुई थी। कुछ दिन बाद ही गोल्डी जसविंदर को दहेज के लिए तंग करने लगा था। वह दहेज में मोटरसाइकिल की मांग कर रहा था। इसी बात पर अकसर दोनों में झगड़ा होता था। जसविंदर मायके आ गई थी। इसके बाद दोनों के रिश्तेदार समझौता करवाने के बाद जसविंदर कौर को ससुराल टांडा में छोड़ आए। उसके बाद भी ससुराल वाले दहेज में मोटरसाइकिल की डिमांड करते रहे। लोगों ने आरोप लगाया कि गोल्डी अपनी पत्नी को रोज पीटता भी था। 26 जून को रिश्तेदार गुरजंट सिंह ने जसविंदर के पिता को फोन कर बताया कि उनकी बेटी की मौत हो चुकी है। वह रिश्तेदारों संग लड़की के ससुराल शाम करीब 7 बजे टांडा पहुंचे तो जसविंदर एक मंजे (बेड) पर मृत हालत में पड़ी थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को खरड़ अस्पताल मेडिकल जांच के लिए भेज दिया।
कोट
एसआई निशान सिंह केस की पैरवी कर रहे हैं। शव को मेडिकल जांच के लिए खरड़ अस्पताल भेजा गया है। इसके बाद शव जल्द परिजनों को सौंप दिया जाएगा। गोल्डी सिंह को हिरासत में ले लिया है।
दलबीर सिंह, एसएचओ, थाना नयागांव।