ढकोली पुलिस ने जालंधर के दो भगौड़ों को किया गिरफ्तार
- आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर अदालत में पेश किया
- न्यायिक हिरासत के लिए पटियाला जेल भेजा
अमर उजाला ब्यूरो
जीरकपुर। जालंधर की एक अदालत की ओर से भगौड़े करार दो आरोपियों को ढकोली पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। गुप्तचरों से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों की पहचान परमजीत सिंह और बरिंदर सिंह निवासी मकान नंबर-13, सेक्टर-25 चंडीगढ़ के रूप में हुई है, जिनके खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर अदालत में पेश किया। जहां से आरोपियों को पटियाला जेल भेज दिया है।
जांच अधिकारी एएसआई निर्मल सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना मिली कि ढकोली की कृष्णा एनक्लेव के मकान नंबर-325 में अदालत की ओर से भगौड़ा करार आरोपी पहचान छिपाकर रह रहे हैं। पुलिस की एक टीम ने शुक्रवार को उक्त मकान में जाकर छापेमारी की तो परमजीत और बरिंदर सिंह को पकड़कर थाने ले आई। जिनसे पूछताछ के दौरान पता चला कि आरोपियों ने जालंधर में एक इमिग्रेशन कंपनी बनाकर लोगों को बाहर भेजने का झांसा देकर ठगी की वारदात को अंजाम दिया है। जिसके संबंध में जालंधर के एक थाना में उनके खिलाफ साल 2016 में मामला दर्ज है और अदालत ने आरोपियों को पेश न होने को लेकर उन्हें भगौड़ा करार दिया जा चुका है। एएसआई निर्मल सिंह ने बताया कि आरोपियों को अदालत के आदेशों पर पटियाला जेल पहुंचा दिया है और मामले की जानकारी जालंधर पुलिस को दे दी है।