मोहाली। जिले में कुछ दिनों से कोरोना संक्रमितों के मामलों में आ रही कमी ने लोगों की परेशानियों को कम कर दिया है। इससे उम्मीद बढ़ने लगी है कि जो पाबंदियां अभी प्रशासन की ओर से कोरोना की रोकथाम के लिए लगाई गई है, वह जल्द कम हो सकती हैं। क्योंकि लगातार पिछले तीन दिन से 20 से कम कोरोना संक्रमित सामने आ रहे हैं। अभी कोरोना सक्रिय मरीजों की संख्या 121 रह गई है।
जानकारी के मुताबिक दिसंबर के आखिरी हफ्ते में कोरोना संक्रमण के मामलों में तेजी आई थी। इसका नतीजा यह हुआ कि जनवरी खत्म होने तक संक्रमण की चपेट में आने के बाद सक्रिय मरीजों की संख्या 8000 के पार हो गई। दूसरी ओर लगातार संक्रमण की बढ़ती रफ्तार को देखते हुए प्रशासन की ओर से स्कूल-कॉलेजों सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों में होने वाली भीड़भाड़ वाली जगहों में पाबंदियां लगाई गई और साथ ही लोगों को कोविड दिशानिर्देशों का पालन करवाने के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश तक दिए गए। प्रशासन की इन पाबंदियों का असर यह रहा कि जिले में अभी सक्रिय मरीजों की संख्या घटकर 157 हो गई है। जो एक महीने पहले 8000 से अधिक थी।
जनवरी में कोरोना से 49 लोगों की गई थी जान
जानकारी के मुताबिक कोरोना के नए स्वरूप ओमिक्रॉन की दस्तक ने जनवरी में सबसे ज्यादा कहर बरपाया था। अकेले जनवरी में कुल 49 लोगों को कोरोना संक्रमण की वजह से अपनी जान गंवानी पड़ी थी। लेकिन अब पिछले तीन दिन से सेहत विभाग की ओर से की जा रही सैंपलिंग में 20 से कम लोग संक्रमित हुए हैं। वहीं पॉजिटिव होने वाले मामलों में दोगुना लोग तेजी के साथ संक्रमण को मात देकर ठीक हो रहे हैं। वीरवार को एक दिन में 18 लोग कोरोना संक्रमण की चपेट में आकर बीमार हो गए, वहीं इससे दोगुना 36 लोग संक्रमण को मात देकर ठीक हुए हैं। इसी तरह, शुक्रवार को 19 लोग कोरोना संक्रमित हुए तो वहीं 35 लोग संक्रमण को मात देकर ठीक हुए और शनिवार को 11 लोग संक्रमण की चपेट में आकर बीमार हुए तो 26 लोगों ने संक्रमण को मात दी थी।