नयागांव। कुछ दिन पहले पावरकॉम की ओर से शहर की मार्केट में छापा मारा गया था। इसमें 12 दुकानदारों के चालान काटे गए थे और यह मामला इतना बढ़ा था कि दुकानदार एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाने लगे। इस कारण मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान ने अपना इस्तीफा दे दिया। प्रधान पद के लिए कोई भी दुकानदार 21 अन्य दुकानदारों के समर्थन के साथ 18 अगस्त तक अपनी दावेदारी दे सकता है।
बता दें कि पावरकॉम के छापे के बाद इलाके के दुकानदारों में रोष था। इस कारण लगातार दो दिन दुकानदारों ने अपनी मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन भी किया था। इसके बाद कुछ दुकानदार एक-दूसरे पर इस लापरवाही का आरोप-प्रत्यारोप लगाने लगे थे। कुछ दुकानदारों में फूट भी नजर आ रही है। कुछ असंतुष्ट दुकानदारों का मानना है कि अपने-अपने इलाके की अलग-अलग मार्केट एसोसिएशन बनाकर के अलग-अलग प्रधान बनाए जाएं।
वहीं, मार्केट कमेटी के प्रधान तरुण शर्मा का कहना है कि मैंने हमेशा ही दुकानदारों की भलाई के लिए काम किया है। उसके बाद भी अगर कुछ लोगों को लगता है कि मेरे कार्यकाल में उनके साथ गलत हो रहा है तो मैं अपनी स्वेच्छा से अपने पद से इस्तीफा दे रहा हूं। लेकिन इलाकों के नाम पर बंटवारा न किया जाए। अगर हम एक साथ रहेंगे तभी अपने हकों के लिए मजबूती से खड़े हो पाएंगे। वहीं, जनरल सेक्रेटरी रमेश गर्ग ने कहा कि जब तक मार्केट कमेटी का कोई नया प्रधान नहीं बनता, तब तक के लिए तरुण शर्मा ही प्रधान का कार्यभार संभालेंगे। जो भी दुकानदार प्रधान पद के लिए दावेदारी देना चाहता है, वह 21 दुकानदारों के समर्थन के साथ 18 अगस्त तक लिखित में अपनी दावेदारी दे सकता है। इसके बाद एसोसिएशन की एक बैठक की जाएगी और बैठक में फैसला लिया जाएगा कि प्रधान पद का चुनाव सर्वसहमति से करना है या मतदान की प्रक्रिया के तहत किया जाना है।