खरड़। राज्य के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने सोमवार को खरड़ और मोरिंडा के विकास कार्यों के लिए 100 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं के नींव पत्थर रखे। मुख्यमंत्री चन्नी ने मोरिंडा के विकास को गति देने के लिए अतिरिक्त 10 करोड़ रुपये देने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि आईटीआई भवन 2022 में पूरा हो जाएगा। जबकि इनडोर स्पोर्ट्स हॉल अगस्त, 2022 और फुटबॉल का मैदान अप्रैल, 2022 तक बनकर तैयार हो जाएगा।
जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री चन्नी ने खरड़ के गांव त्रिपड़ी में 20 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली एक आईटीआई, एक सभागार के साथ एक इनडोर स्पोर्ट्स हॉल और एक फुटबॉल मैदान का नींव पत्थर रखा। साथ ही 8 एकड़ भूमि दान देने के लिए ग्राम त्रिपड़ी की पंचायत का धन्यवाद किया और कहा कि युवाओं को उनके कौशल को सुधारने के अवसर प्रदान करने में अहम भूमिका निभाएगा। इसके अलावा इनडोर स्पोर्ट्स हॉल में जिम्नास्टिक, बास्केटबॉल, वॉलीबाल और अन्य खेल सुविधाएं शामिल होंगी, जो खेल की बुनियादी सुविधाओं को एक बड़ा योगदान देंगी।
इसी प्रकार मोरिंडा में मुख्यमंत्री चन्नी ने दो एकड़ क्षेत्र में फैले एसडीएम कार्यालय के नए भवन का भी लोकार्पण किया और साथ ही वाटर वर्क्स से जुड़े प्रोजेक्ट का नींव पत्थर रखा। यह प्रोजेक्ट काजोली वाटर वर्क्स से मोरिंडा और खरड़ कस्बों तक स्वच्छ पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करेगा।
‘आप’ नेता को लगाई फटकार
इस मौके पर पत्रकारों से बात करते हुए सीएम चन्नी ने आम आदमी पार्टी (आप) के नेता राघव चड्ढा पर कांग्रेस के चार कैबिनेट मंत्रियों के आप में शामिल होने के बारे में झूठी अफवाहें फैलाने के लिए फटकार लगाई। साथ ही पार्टी को झूठे प्रचार से दूर रहने की चेतावनी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आप केवल भ्रामक और झूठे बयानों से लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रही है। लेकिन यह चाल उन पर विपरीत असर डालेगी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने श्री चमकौर साहिब, रूपनगर और मोरिंडा मंडल के 140 युवा मंडलों/कल्याण समितियों को 6.85 करोड़ रुपये के चेक भी सौंपे। इनमें से 68 ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत हैं, जबकि 72 शहरी क्षेत्रों में कार्यरत हैं। इस अवसर पर अन्य लोगों के अलाव डीसी ईशा कालिया, एसएसपी नवजोत सिंह माहल, डीसी रूपनगर सोनाली गिरी और एसएसपी विवेक शील सोनी समेत कई लोग मौजूद थे।