मोहाली। विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी के केस की आरोपी महिला क्रिस्पी खैहरा को पकड़ने के लिए चंडीगढ़ पुलिस पहुंची तो कार में बैठे उसके ड्राइवर ने पुलिस के एक सिपाही पर कार चढ़ाने की कोशिश की और फरार हो गए। अगर सिपाही चुस्ती दिखाते हुए एक तरफ न होता तो उसकी जान भी जा सकती थी। इस मामले में सोहाना थाने की पुलिस ने क्रिस्पी खैहरा और उसके अज्ञात ड्राइवर के खिलाफ सिपाही पर जानबूझकर कार चढ़ाकर मारने की कोशिश करने, काम में बाधा डालने और अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा
चंडीगढ़ पुलिस में तैनात सेक्टर-40 निवासी सुखीराम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि सेक्टर-39 थाने में उनकी ड्यूटी है। वह एसआई मेजर सिंह, सिपाही नरेश कुमार और महिला सिपाही कविता के साथ बुधवार को देर शाम सेक्टर-66 स्थित एक नामी रिहायशी सोसाइटी में क्रिस्पी खैहरा को गिरफ्तार करने गए थे। उसके खिलाफ थाने में विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी का केस दर्ज है। सोसायटी में जिस दौरान वह अपनी कार से बाहर खड़ा था तो अचानक सफेद रंग की सियाज गाड़ी आते दिखाई दी, इसमें क्रिस्पी खैहरा बैठी थी और कार को अज्ञात व्यक्ति चला रहा था। जब उन्होंने कार को रोकने का इशारा किया तो क्रिस्पी खैहरा ने उन्हें देख लिया और अपने ड्राइवर को कार मोड़कर भगाने के लिए कहा। इस दौरान क्रिस्पी खैहरा के ड्राइवर ने कार को एकदम मोड़कर वापस भागना चाहा, लेकिन सामने सिपाही सुखीराम को देखने के बावजूद उसके ऊपर कार चढ़ाने की कोशिश की। इस दौरान उसने चुस्ती दिखाते हुए अपनी जान बचाई, जबकि आरोपी मौका पाकर फरार हो गए। सोहाना थाने की पुलिस ने केस दर्ज कर कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक क्रिस्पी खैहरा कई मामलों में पहले भी विवादों में रही है और उसके खिलाफ मोहाली के थानों केस दर्ज हैं।