जीरकपुर। पुलिस ने कोरोना दिशानिर्देशों का उल्लंघन करने के आरोप में मानव मंगल स्मार्ट स्कूल और दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल के प्रबंधकों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई एसडीएम डेराबस्सी के आदेश पर की है। इस मामले में फिलहाल किसी भी प्रबंधक की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
पंजाब सरकार की ओर से कोरोना की तीसरी लहर के अंदेशे के चलते सभी स्कूलों को कोविड नियमों की पालना करने के आदेश जारी किए गए थे। इसके बाद नोडल अधिकारी भी तैनात कर स्कूलों की चेकिंग की गई। डीसी मोहाली ने आदेश दिया था कि यदि किसी स्कूल के अध्यापक ने दोनोें टीके नहीं लगवाए हैं, तो उस स्कूल के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने जीरकपुर में चेकिंग की तो पाया गया कि उक्त दो स्कूलों की शिक्षिकाओं ने कोरोना के दोनों टीके नहीं लगवाए थे। इसलिए कार्रवाई की गई है। जांच रिपोर्ट में सामने आया है कि मानव मंगल स्कूल के 90 टीचरों और स्टाफ में से केवल 40 ने ही दोनों टीके लगवाए हुए थे। वहीं, दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल में 75 टीचरों और बाकी स्टाफ में से केवल 45 ने ही दोनों टीके लगवाए हुए थे। इसके बाद ही केस दर्ज किया गया है।