जीरकपुर। दो दिन पहले एक टैक्सी ड्राइवर को पीटने के मामले में चालक की शिकायत पर पुलिस ने मारपीट करने के आरोप में दो लोगों खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपियों की पहचान बिट्टू और प्रवीण के रूप में हुई है जो फिलहाल फरार चल रहे हैं।
पुलिस को दी गई शिकायत में शिकायतकर्ता अमित कुमार निवासी पानीपत हरियाणा ने बताया कि वह सिंहपुरा चौक पर स्थित टैक्सी स्टैंड पर चंडीगढ़ से दिल्ली के लिए गाड़ी चलाता है। दो दिन पहले करीब साढ़े तीन बजे अपनी टैक्सी में बैठा हुआ था। इस दौरान दो व्यक्ति वहां आए और पूछा कि सोनू की गाड़ी कौन चलाता है तो उसके बताने पर दोनों आरोपियों ने उस पर रॉड व डंडों से हमला करके बुरी तरह जख्मी कर दिया। शोर सुनकर जैसे ही वहां लोग इकट्ठा होना शुरू हुए तो हमलावर उसे धमकियां देते हुए मौके से फरार हो गए। वहां मौजूद लोगों ने उसे इलाज के लिए जीएमसीएच सेक्टर-32 चंडीगढ़ पहुंचाया।