विक्की मिंडूूखेड़ा के शव के पोस्टमार्टम की रिपोर्ट में पता चला है कि उन्हें 12 गोलियां लगी थीं। डॉक्टरों को शरीर से केवल दो गोलियां मिली हैं, जबकि दस शरीर से आरपार हो गई थीं। डॉक्टरों से पता चला है कि एक गोली रीढ़ की हड्डी के नजदीक कमर के ऊपरी हिस्से से मिली है, जबकि दूसरी गोली टांग के ऊपरी हिस्से में लगी हुई थी। इसके बाद वह घूमकर घुटने में पहुंच गई थी। इससे साफ हो गया कि मौत गोली लगने से हुई है। हालांकि पुलिस ने विसरा जांच के लिए लैब भेज दिया है।
मां को लेकर जाना था पीजीआई
विक्की मिंडूखेडा के रिश्तेदार जसविंदर सिंह ने बताया कि विक्की के माता-पिता गांव में रहते हैं। वह इलाज के लिए कुछ दिनों पहले मोहाली आए हुए थे। उनका पीजीआई से इलाज चलता है। शनिवार को विक्की अपनी मां को पीजीआई में डॉक्टरों को दिखाने लेकर जाने वाले थे लेकिन उससे पहले ही उनकी हत्या हो गई। वहीं, बड़ा भाई अजयपाल पिता को डॉक्टर के पास लेकर जा रहे थे लेकिन घटना की सूचना के बाद वह भी आधे रास्ते से वापस लौट आए।
मामले में आठ टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस टीम सभी एंगलों पर काम कर रही है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की पड़ताल भी की जा रही है। उम्मीद है कि जल्द ही केस को सुलझा लिया जाएगा। - सतिंदर सिंह, एसएसपी मोहाली।