पत्रकार आलोक वर्मा से मिलने पहुंचे डेराबस्सी विधायक कुलजीत रंधावा।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
अमर उजाला के वरिष्ठ पत्रकार आलोक वर्मा पर जानलेवा हमला करने के आरोपी पंचकूला की तरफ भागे हैं। इसका खुलासा सीसीटीवी फुटेज से हुआ। हमलावरों की फोटो एक पेट्रोल पंप से मिली है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ आईपीसी की धारा 379-बी, 341, 323, 34 के तहत केस दर्ज किया है और गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित कर दी हैं। इस मामले की मॉनिटरिंग एसएसपी खुद कर रहे हैं।
पुलिस की टीमें शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकार्डिंग और मोबाइल फोन की लोकेशन को खंगालने में लगी हैं। जीरकपुर सब-डिवीजन के डीएसपी नवनीत माहल ने बताया कि टीमों ने घटनास्थल से लेकर सिंघपुरा चौक, पटियाला चौक और के-एरिया चौक तक लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग को चेक किया। जिसमें रात सवा 3 बजे एक स्कूटी नजर आई है। इस पर सवार दोनों हमलावर पंचकूला की तरफ जा रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर टीम पंचकूला के सेक्टर-12 स्थित पेट्रोल पंप पर पहुंची, जहां हमलावरों ने पत्रकार आलोक वर्मा से छीने डेबिट कार्ड स्वैप करके पेट्रोल भरवाने की कोशिश की लेकिन पासवर्ड न होने और वाईफाई में तकनीकी खराबी के चलते भुगतान नहीं कर पाए।
पुलिस अधिकारियों ने पेट्रोल पर उक्त हमलावरों की फुटेज को कब्जे में ले लिया है। इसके अलावा पेट्रोल पंप पर रात के समय मौजूद कारिंदे से हमलावरों के हुलिया का पता लगाया है। पेट्रोल पंप से मिली सीसीटीवी फुटेज में स्कूटी पर सवार हमलावरों में से एक ने हेलमेट पहने रखा था, जबकि दूसरे ने अपना मुंह कपड़े से ढका हुआ था।
अज्ञात हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। जांच के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ कई एंगल पर टीमें काम कर रही हैं। पहचान को लेकर कुछ इनपुट हाथ लगे हैं। जिनके आधार पर हमलावरों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - नवनीत माहल, डीएसपी, सब-डिवीजन, जीरकपुर।