जीरकपुर। पटियाला हाईवे पर हुए एक सड़क हादसे में 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान ईशु निवासी मकान नंबर- 233 यमुना एनक्लेव जीरकपुर के रूप में हुई है। पुलिस जांच अधिकारी ने बताया कि मृतक ईशु के भाई राहुल के बयान पर कार सवार आरोपी हरप्रीत सिंह निवासी खुड्डा लहौरा के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके बाद उसे जमानत पर छोड़ दिया गया है।
पुलिस को मृतक के भाई राहुल ने बताया कि 21 अगस्त की शाम वह अपने छोटे भाई ईशु और उसके दोस्त साहिल चड्ढा के साथ अपने-अपने मोटरसाइकिल पर जीरकपुर किसी काम से आए थे। इसके बाद यहां से रात करीब साढ़े 12 बजे वह अपने-अपने मोटरसाइकिल पर घर के लिए निकले। राहुल ने बताया की ईशु अपने दोस्त साहिल के साथ अलग मोटरसाइकिल पर था, जबकि वह अलग मोटरसाइकिल पर घर के लिए निकला था। राहुल ने बताया कि जब वह प्रीत कॉलोनी से शराब के ठेके वाली गली से होते हुए बाहर हाईवे पर निकले तो पटियाला चौक की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार जैटा कार सवार ने उसके भाई के मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इस हादसे में कार चालक उसके भाई को काफी दूर तक घसीटते हुए ले गया और बाद में कार समेत मौके से फरार हो गया। उसने राहगीरों की मदद से एक निजी कार मंगवाकर दोनों घायलों को जीएमसीएच सेक्टर-32 चंडीगढ़ पहुंचाया। यहां पर डॉक्टरों ने उसके भाई ईशु को मृत घोषित कर दिया जबकि हादसे में घायल उसके दोस्त साहिल का इलाज चल रहा है। राहुल ने बताया कि आरोपी की कार का नंबर नोट होने के कारण कार चालक हरप्रीत सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बाद में उसे जमानत पर रिहा कर दिया।