कार लूट के बाद मौके पर जांच करते पुलिसकर्मी।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
चंडीगढ़ अंबाला हाईवे पर दिनदहाड़े कार लूट का मामला सामने आया है। युवकों ने कार में बैठी महिला को भी अगवा कर लिया। कुछ दूर जाने के बाद आरोपी उसे चलती कार से फेंककर फरार हो गए। पुलिस ने पति की शिकायत के बाद केस दर्ज कर लिया है।
पंजाब के डेराबस्सी में ग्रीन वैली कालोनी गांव दंदराला निवासी राजीव चंद गुरुवार को अपनी पत्नी रितु के साथ टाटा टिएगो कार में हाईवे स्थित श्री सुखमनी स्कूल में अपने बच्चों की फीस भरने आए थे। राजीव ने बताया कि वह हाईवे किनारे कार खड़ी कर स्कूल में चले गए।
पत्नी कार में बैठी थीं। उनके जाने के कुछ देर बाद ही दो लुटेरे जबरन कार में घुसे। एक ने पत्नी का मुंह दबा लिया और दूसरे ने कार लालड़ू की ओर दौड़ा दी। रास्ते में दप्पर टोल प्लाजा पर लुटेरों ने रितु को कार से नीचे फेंक दिया और डेराबस्सी की ओर फरार हो गए। शातिर लुटेरों ने कार वापस इसलिए मोड़ ली कि कहीं टोल प्लाजा के सीसीटीवी कैमरों में कैद न हो जाएं।
रितु ने मोबाइल से पति को फोन कर वारदात की जानकारी दी। इसके बाद राजीव ने पुलिस को सूचित किया। शहर में दिनहाड़े कार लूट से हड़कंप मच गया। एसपी देहात रवजोत कौर ग्रेवाल, डीएसपी गुरबख्शीश सिंह व थाना प्रभारी सहायक इंस्पेक्टर सतिंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और इलाके की नाकाबंदी कराई।
डेराबस्सी थाना प्रभारी सहायक इंस्पेक्टर सतिंद्र सिंह ने बताया कि कार मालिक राजीव चंद की शिकायत पर दो अज्ञात लुटेरों के खिलाफ अपहरण और कार लूट का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही डेराबस्सी की ओर जाते हाईवे के सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है।