नयागांव। इलाके में आए दिन हादसे हो रहे हैं। समाज सेवक अरविंद पुरी और हेमंत चौहान का कहना है कि पुलिस इन हादसों में कमी लाने के लिए कुछ भी नहीं कर रही है। शुक्रवार को भी मुल्लांपुर में मनोहर कंपनी के सामने एक पैदल जा रहे व्यक्ति को कार ने टक्कर मार दी। हादसे में व्यक्ति की मौत हो गई। इस संबंध में मुल्लांपुर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता भाग सिंह वासी जयंती माजरी ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे वह और उनके चाचा जीत राम मुल्लांपुर बैरियर की तरफ से पैदल अपने गांव की ओर जा रहे थे। जब वे मनोहर कंपनी के पास पहुंचे तो सिसवां की तरफ से आ रही एक कार के अज्ञात चालक ने बड़ी तेजी और लापरवाही से गाड़ी उनके चाचा जीत में मार दी। इसके बाद वह कार समेत फरार हो गया। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह उसका नंबर नहीं पढ़ सके। वह उनके चाचा के सिर में काफी चोटें लगीं। इस कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
स्पीड लिमिट के नहीं लगे हैं बोर्ड
न्यू चंडीगढ़-सिसवां रोड काफी खुला बना है। इस रोड पर स्पीड लिमिट के कहीं पर भी बोर्ड नहीं लगे हैं। इस कारण लोग काफी तेज रफ्तार से गाड़ी चलाते हैं और कई बार गाड़ी अनियंत्रित होकर वे हादसे का शिकार हो जाते हैं।
लोग बोले- नाके लगाकर पुलिस चालान काटे तो हादसों में आएगी कमी
इस इलाके में पुलिस के नाके नहीं लगते हैं। इस कारण लोग बेखौफ होकर तेज गति से गाड़ी चलाते हैं। वहीं जब उनके आगे कोई अचानक से आ जाता है तो वे गाड़ी पर नियंत्रण नहीं कर पाते हैं और इस कारण वहां पर हादसे होते रहते हैं। लोगों का कहना है कि इलाके में पुलिस को नाके लगाकर ओवर स्पीड के चालान काटने चाहिए। इससे हादसों में कमी आएगी।
कोट
इलाके में रोज सड़क हादसे हो रहे हैं। इसका मुख्य कारण लोगों द्वारा वाहन तेज गति से चलाना है। लोगों को तेज रफ्तार में वाहन चलाने से बचना चाहिए। वहीं जल्द ही इलाके में ओवर स्पीड के नाके लगाकर लोगों के चालान काटे जाएंगे। -महेश कुमार, डीएसपी, ट्रैफिक