लालड़ू। गांव चौंदहेड़ी में सहमति संबंध (लिव-इन-रिलेशन) में रह रही 22 वर्षीय युवती ने शनिवार रात पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान दीपा किशोरी वडा (22) मूल वासी झारखंड हाल वासी गांव चौंदहेड़ी के रूप में हुई है। वह चौंदहेड़ी में किराए के मकान में युवक के साथ रह रही थी।
पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें शुक्रवार रात करीब 12 बजे सूचना मिली कि गांव चौंदहेड़ी में एक युवती ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली है। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंच कर शव कब्जे में लेकर सरकारी अस्पताल डेराबस्सी के शवगृह में रखवा दिया है। मृतका के परिजनों को सूचित कर दिया गया है जो रविवार तक यहां पहुंच जाएंगे। पुलिस ने बताया कि परिजनों के आने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी। मृतका निकट ही स्थित एक मीट फैक्टरी में छह महीने से नौकरी करती थी। पुलिस ने बताया कि घटना के समय युवती का साथी छत पर सो रहा था। इसकी सूचना पास रह रही किराएदारों ने दी। पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने मे जुटी है।