डेराबस्सी। शहर के नजदीकी गांव कुड़ावालां में दूषित पानी के कारण फैले डायरिया का कहर अब कम होने लगा है। यहां बुधवार को सिर्फ पांच मरीज सामने आए हैं। गांव में अब तक कुल 73 मरीज सामने आ चुके हैं। गांव में मरीजों की संख्या घटने बाद में सेहत विभाग ने राहत की सांस ली है। दूसरी ओर अस्पताल में दाखिल मरीजों की हालत में सुधार होने बाद में उनको छुट्टी दे दी गई है।
इस बारे में सिविल अस्पताल डेराबस्सी की एसएमओ डॉ. संगीता जैन ने बताया कि गांव में पहले दिन से सेहत विभाग जांच शिविर लगाकर लोगों की मेडिकल जांच कर रहा है। बुधवार को शिविर के दौरान 60 लोगों की जांच की गई, इनमें से तीन मरीजों में डायरिया की पुष्टि हुई है। इसी तरह सेहत विभाग की तरफ से 124 घरों का सर्वे किया गया। इससे पहले गांव में 68 मरीज सामने आ चुके हैं। डाक्टर जैन ने बताया कि किसी भी मरीज को सिविल अस्पताल में रैफर नहीं किया गया। जबकि इससे पहले रोजाना तीन दिन से गांव में लगाए गए शिविर के दौरान दर्जनों मरीज सामने आ रहे थे। अब तक करीब 20 मरीजों में पानी की कमी को देखते हुए सिविल अस्पताल रैफर किया गया था। इनकी हालत में सुधार होने के चलते उनको छुट्टी दे दी गई है।
बता दें कि पहले ही इलाके में संदिग्ध डेंगू का प्रकोप फैला हुआ है। डेंगू के सैकड़ों मरीज अलग-अलग अस्पतालों में अपना इलाज करवा रहे हैं। इस समय संदिग्ध डेंगू के मरीजों के साथ अस्पताल भरे हुए हैं। लेकिन उक्त गांव में डायरिया फैलने के साथ सेहत विभाग की सांसे फूल गई थीं। एसडीएम कुलदीप बावा ने बीते दिनों गांव का दौरा करके सेहत विभाग को सख्त हिदायतें दी थी। गांव में अब मरीजों की संख्या घटने के साथ सेहत विभाग ने सुख की सांस ली है।