मोहाली। जिले में कोरोना महामारी का संकट पूरी तरह से गहरा गया है, शुक्रवार को 319 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। इसके साथ ही जिले में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या 1276 पर पहुंच गई है। डीसी डॉ. ईशा कालिया ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि चौबीस घंटे में पांच संक्रमित ठीक हुए हैं और किसी की मौत नहीं हुई।
डीसी ने लोगों से अपील की है कि वह कोरोना दिशानिर्देशों का पालन करें और 15 साल से अधिक उम्र के लोग पहल के आधार पर टीकाकरण करवाएं, तभी कोरोना महामारी को मात दी जा सकती है।
जानकारी के मुताबिक कोरोना को मात देने के लिए जिला सेहत विभाग की ओर से कोरोना टेस्टिंग बढ़ाकर सैंपलिंग की संख्या बढ़ा ही है। इससे अब मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है। मोहाली के शहरी एरिया में सबसे ज्यादा संक्रमण के केस आ रहे हैं। इसके साथ ही जिले में कई इलाके के कोरोना के हॉट स्पॉट बन गए हैं, लेकिन अभी तक प्रशासन की ओर से इस संबंधी एलान नहीं किया गया है। हालांकि जिस एरिया में केस सामने आ रहे हैं, सेहत विभाग की ओर से उस एरिया में स्पेशल टेस्टिंग मुहिम चलाई जा रही है। इस दौरान अकेले मोहाली शहरी एरिया में 170 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं, जबकि ढकोली से 5, डेराबस्सी से 3, खरड़ से 52, बूथगढ़ से 14, घडुआं से 12, कुराली से 5 और बनूड़ से भी 5 लोग कोरोना की चपेट में आए हैं। बता दें कि मोहाली में अब तक कुल 70388 लोग संक्रमित हुए हैं और इनमें से 68038 लोग ठीक हो चुके हैं। जबकि अभी तक 1076 लोगों की मौत हुई है।
मेडिकल हेल्पलाइन का करे कॉल
जिला सेहत विभाग की ओर से लोगों को हिदायत दी गई है कि अगर किसी को सर्दी, खांसी और जुकाम लंबे समय से है तो इसे हलके में न लें। सरकारी अस्पताल में पहुंचकर डॉक्टर से संपर्क करें, साथ ही डॉक्टर की सलाह पर कोरोना जांच जरूर करवाएं। सेहत से जुड़ी किसी भी तरह की समस्या आने पर सेहत विभाग की ओर से जारी मेडिकल हेल्पलाइन नंबर-104 पर कॉल करके जानकारी लें। इसके अलावा कोवा एप भी फायदेमंद साबित हो सकता है।