लुधियाना। पक्खोवाल रोड स्थित फुल्लावाल चौक में उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया जब कांग्रेसी नेता और कट्टरपंथियों के खिलाफ बोलने वाले गुरसिमरन सिंह मंड को कुछ नौजवानों ने घेरकर धक्का मुक्की की। मंड की गाड़ी घेरने की कोशिश की गई पर सुरक्षाकर्मी किसी तरह उसे वहां से निकालकर ले गए। इसकी सूचना मिलते ही थाना सदर की पुलिस मौके पर पहुंच गई । मगर तब तक सब खत्म हो चुका था।
गुरसिमरन सिंह मंड ने बताया कि वह अपने सुरक्षाकर्मियों सहित बेटे के साथ दुकान पर दवाई लेने के लिए गया था। इसी दौरान जब वह वापसी निकलने लगा। कुछ नौजवानों ने उसे घेरकर गाड़ी से बाहर निकलने को कहा। इसी दौरान युवकों ने उसके साथ धक्का-मुक्की की ओर मारपीट करने की कोशिश की। सुरक्षा कर्मचारियों ने उसे वहां से निकालने की कोशिश की। युवक उसे छोड़ना नहीं चाहते थे। किसी तरह वहां से निकाला और गाड़ी में बैठा। इसके बाद युवक गाड़ी का पीछा करने लगे। गुरसिमरन सिंह मंड ने आरोप लगाया कि उसकी गाड़ी के पीछे भागने वाले युवकों ने गाड़ी को आग लगाने की भी कोशिश की। यह सूचना मिलते ही पुलिस वहां पहुंच गई । पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।