सिधवां बेट के अधीन पड़ते गांव चंडीगढ़ दीया छन्ना के खेतों में युवक का शव मिला है। मृतक चंडीगढ़ दीया छन्ना निवासी छींदा के परिजनों ने गांव के एक दंपती व उनके बेटा-बेटी पर छींदा को आत्महत्या करने के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। मृतक के परिवार को आरोप है कि आरोपियों ने उनके बेटे का रिश्ता तुड़वाया है, जिसके चलते उसने ऐसा कदम उठाया। पुलिस ने जांच करने के बाद दंपती व उनके बच्चों पर धारा 306 के तहत थाना सिधवां बेट में मामला दर्ज कर लिया। आरोपियों की पहचान सुरजीत सिंह, अजे, चरनजीत कौर, कृष्णा कौर के रूप में हुई है।
थाना सिधवां बेट के एएसआई हरप्रीत सिंह ने बताया कि पीड़ित सुखदेव सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह चार भाई-बहन हैं। उसके भाई छिंदा को छोड़कर बाकी सब की शादी हो चुकी है। वह अपने भाई की शादी के लिए लड़की की तलाश कर रहे थे। आरोपी महिला चरनजीत कौर उसके भाई की शादी नहीं होने दे रही थी। करीब दो महीने पहले उसने भाई के लिए गांव सलेमपुर टिब्बा में रिश्ता तय किया।
रिश्ता तय होने के बाद गांव की चरणजीत कौर व और उसकी बेटी कृष्णा कौर ने शिकायतकर्ता के भाई के होने वाले सुसराल घर जाकर रिश्ता तुड़वा दिया। रिश्ता टूटने के बाद उसका भाई काफी परेशान हो गया था। रविवार सुब छींदा खेतों में फसल को पानी देने गया था लेकिन वापस नहीं लौटा। उसके भाई का शव खेतों में बने मोटर के पानी के हौद में मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि उसके भाई ने आरोपियों से दुखी होकर अपनी जीवनलीला खत्म की है।