शराब के नशे में धुत्त दो युवकों ने गांव नीची मंगली में दंपती का विवाद सुलझाने के लिए पहुंचे दो पीसीआर मुलाजिमों पर ही हमला कर दिया। हैरानी की बात यह है कि आरोपियों ने मुलाजिमों के पास रखे उनके डंडे को छीन कर उसी से उनकी पिटाई शुरू कर दी और उनकी वर्दी तक फाड़ डाली।
किसी तरह से मुलाजिमों ने आरोपियों को काबू किया, लेकिन एक आरोपी पुलिस के चंगुल से छूट कर फरार हो गया। पीसीआर मुलाजिमों ने तुरंत इसकी जानकारी थाना फोकल प्वाइंट की पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस वहां पहुंच गई। पुलिस ने इस मामले में पीसीआर मुलाजिम एएसआई जरनैल सिंह की शिकायत पर नीची मंगली गांव निवासी जीत बहादुर और उसके साथी राकेश कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी जीत बहादुर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि राकेश कुमार की तलाश में दबिश दी जा रही है।
जांच अधिकारी एएसआई अवतार सिंह ने बताया कि पीसीआर मुलाजिम एएसआई जरनैल सिंह द्वारा पुलिस के पास दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक वह पीसीआर मोटरसाइकिल नंबर 30 पर ड्यूटी करता है। 21 अगस्त की शाम सात बजे उन्हें कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि गांव नीची मंगली में एक दंपती का आपस में झगड़ा चल रहा है। पता चलते ही वह लोग घटनास्थल पर पहुंचे। वहां पहले से नशे में धुत्त खड़े दोनों लोग आपस में झगड़ा कर रहे थे। उन्हें जब समझाया गया तो वे दोनों हवलदार अवतार सिंह के साथ हाथापाई करने लगे। जीत बहादुर ने मोटरसाइकिल पर रखा डंडा उठाकर जरनैल सिंह पर हमला कर दिया। आरोपियों ने दोनों पुलिस मुलाजिमों की वर्दियां फाड़ डालीं। जैसे ही सूचना मिलने पर पीसीआर टवेरा मौकेे पर पहुंची, पुलिस की टीम को देखकर जीत बहादुर अपने कमरे में भाग गया। वहां से वह चाकू उठा लाया। बाहर आते ही उसने धमकी देते हुए कहा कि किसी ने उसे हाथ लगाया तो वह अपनी नस काट लेगा। उसने चाकू से अपने हाथ पर एक वार भी किया, जिसके कारण वह कट गया। मगर पुलिस की टीम ने किसी तरह से उसे काबू कर ही लिया। उस घटनाक्रम का फायदा उठाते हुए राकेश मौके पर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।