हथियार के बल पर राहगीरों से करते थे लूटपाट, छह मोबाइल बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। हथियारों के बल पर राहगीरों से मोबाइल फोन लूटने के बाद उसे बेचने के लिए ग्राहकों का इंतजाम करने वाले दो लुटेरों को थाना डिवीजन छह की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से विभिन्न कंपनियों के छह मोबाइल भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने न्यू शिमलापुरी स्थित गुरु गोबिंद सिंह नगर निवासी विशाल और अंबाला निवासी साहिल के खिलाफ मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद रिमांड पर भेज दिया है।
दरअसल, पुलिस को गश्त के दौरान सूचना मिली कि दोनों आरोपी राहगीरों से मोबाइल फोन लूट की वारदातों को अंजाम देते हैं और लूटे हुए मोबाइल फोन बेचने की फिराक में हैं। पुलिस ने आरोपियों को डाबा कट के पास गिरफ्तार कर उनके कब्जे से विभिन्न कंपनियों के छह मोबाइल फोन बरामद कर लिए। पूछताछ में पता चला कि दोनों आरोपी नशा करने के आदी हैं। नशापूर्ति के साथ साथ पैसा कमाने और आराम की जिंदगी जीने के लिए लूट की वारदातें करते थे। वह देर रात को प्रवासी मजदूरों से मोबाइल फोन और पैसे लूटकर फरार हो जाते थे। पुलिस के मुताबिक आरोपी इलाके में कई वारदातों को अंजाम दे चुके हैं।