शनिवार देर रात लुधियाना रायकोट रोड पर ब्रेजा कार सामने पशु आने से कार बेकाबू होकर बिजली ट्रांसफार्मर से जा टकराई। इस हादसे में दो सगे भाइयों सहित तीन लोगों की मौत हो गई है। टक्कर इतनी तेज थी कि ब्रेजा कार का इंजन 50 फुट दूरी जाकर गिरा। हादसे में गाय की भी मौत हो गई।
मृतकों की पहचान गुरदीप सिंह, प्रदीप सिंह पुत्र हरजिंदर सिंह ग्रेवाल निवासी गुरुनानकपुरा रायकोट और इंदरजीत सिंह पुत्र मनजिंदर सिंह निवासी सुधार बाजार नई आबादी अकालगढ़ के तौर पर हुई है। मृतक गुरदीप सिंह राजपुरा स्थित सरकारी कॉलेज में लेक्चरर की पोस्ट पर तैनात था। शवों को पोस्टमार्टम के बाद उनके परिजनों के हवाले कर दिया गया है। थाना रायकोट सिटी प्रभारी हीरा सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार इंदरजीत सिंह का रायकोट में रेस्टोरेंट था। प्रदीप सिंह इस रेस्टोरेंट में पार्टनर था। इंदरजीत सिंह साथ में शराब का कारोबार भी करता था। शनिवार को रात को तीनों शराब लेकर सुधार बाजार से रायकोट के लिए रवाना हुए थे। रात के समय अचानक उनकी गाड़ी के सामने एक गाय आ गई।
कार की टक्कर गाय के साथ होने के बाद ब्रेजा कार बेकाबू होकर बिजली ट्रांसफार्मर के पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि उन्हें निकालने के लिए गाड़ी को काटना पड़ा। प्रदीप सिंह को पहले सिविल सिविल अस्पताल सुधार लाया गया, वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया, जबकि इंदरजीत सिंह को एक निजी अस्पताल लाया गया। वहां कुछ समय बाद उसने भी दम तोड़ दिया। तीसरे घायल गुरदीप सिंह की गंभीर हालत को देखते लुधियाना रेफर किया गया था। सुबह चार बजे उसने भी दम तोड़ दिया है।