चालक ने तुरंत ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोका लेकिन तब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी थी। आसपास के लोगों ने गिरे लोगों को साइड किया। घायलों को सिविल अस्पताल पहुंचाया गया जहां डाक्टरों ने गुरप्रीत कौर और रतन लाल को मृत घोषित कर दिया, जबकि तीसरे युवक की मौत इलाज के दौरान हो गई। हादसे में घायल गोविंदा, सन्नी और गगन गंभीर हैं।
तेज रफ्तार शताब्दी को देख बाइक सवार गोविंदा बेहोश हो गया और ट्रेन से टकराने के पहले ही साइड पर गिर गया। लोगों ने उसे पास के निजी अस्पताल में पहुंचाया।
शनिवार देर रात को हुए हादसे ने अमृतसर रेल हादसे की याद ताजा कर दी। हादसे के बाद ट्रेन जैसे ही वहां रुकी तो सूचना मिलने के कुछ समय बाद ही बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और साथ ही पूरी ट्रेन को घेर लिया।
जीआरपी के थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर बलवीर सिंह ने बताया कि महिला सहित दो लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि तीसरे का अभी पता नहीं है। इस हादसे में तीन लोग घायल हुए हैं। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा। सूचना मिलते ही डीसी प्रदीप अग्रवाल और पुलिस कमिश्नर राकेश अग्रवाल भी घटनास्थल पर पहुंच गए थे।