फतेहगढ़ साहिब में गिरफ्तार किए गए फाइनांस कंपनी के कर्मचारी।
- फोटो : GOBINDGARH
फतेहगढ़ साहिब पुलिस ने एक फाइनेंस कंपनी के तीन कर्मचारियों की ओर से अपनी ही कंपनी से 94600 रुपये की ठगी करने के मामले का पर्दाफाश किया है। मामला 24 अगस्त का है।
वीरवार को प्रेसवार्ता के दौरान एसएसपी फतेहगढ़ साहिब अमनीत कौंडल और फतेहगढ़ साहिब पुलिस स्टेशन के एसएचओ रजनीश सूद ने बताया कि फ्यूजन माइक्रो फाइनेंस कंपनी मोरिंडा के एक रिकवरी मैन सुरजीत सिंह निवासी असली वाला, जिला फिरोजपुर ने पुलिस को शिकायत दी थी। उसने बताया था कि वह उक्त कंपनी में फाइनेंस के पैसों की रिकवरी करता है। झूठी कहानी बनाई गई कि 24 अगस्त को वह कलेक्शन करता हुआ गांव बूथगढ़ सेक्टर-2 मंडी गोबिंदगढ़ ग्राम तलवाड़ा से विभिन्न गांवों से होता हुआ जब फतेहगढ़ साहिब के गांव डेरा मीर मीरा सुआ-पुल की पटरी के पास पहुंचा। वहां दो अज्ञात मोटरसाइकिल सवारों ने उसकी आंख में मिर्ची डालकर 94600 छीन लिए और फरार हो गए।
घटना के एक दिन बाद उक्त फाइनेंस कंपनी के मालिक ने दोबारा फतेहगढ़ साहिब पुलिस स्टेशन में अज्ञात लोगों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज करवाया दिया। पुलिस ने शिकायतकर्ता सुरजीत सिंह से जब सख्ती से पूछताछ की तो उसने मान लिया कि उसने झूठी कहानी बनाई थी। इसमें माइक्रो फाइनेंस कंपनी के दो और अन्य कर्मचारी सचिन कुमार, विक्की राणा शामिल थे। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से 82000 रुपये भी बरामद कर लिए गए हैं।