सेक्टर-32 में स्थित एलआईजी फ्लैट में रहने वाले कुछ युवकों ने रास्ता मांगने पर महिलाओं के साथ मारपीट की और गाड़ी के शीशे तोड़ दिए। जब महिलाओं ने विरोध किया तो उनके कपड़े फाड़कर उनके साथ छेड़छाड़ की। महिलाओं ने भागकर अपनी जान बचाई और इसकी जानकारी थाना डिवीजन सात पुलिस को दी। पुलिस ने सेक्टर-32 एलआईजी फ्लैट के रहने वाले ज्योति की शिकायत पर आकंश, चिक्का, करण, चिक्के का पिता बिट्टू सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
ज्योति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने रिश्तेदार के साथ अपनी बहन के घर जा रही थी। जब वह वहां पहुंचे तो ज्योति की बहन सरबजीत कौर ने आरोपियों को कार से बाहर निकलकर साइड पर होने के लिए कहा तो आरोपियों ने आगे से जवाब दिया कि वह हटेेंगे नहीं बल्कि कार दूसरे रास्ते से निकालकर ले जाए। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने मारपीट करनी शुरू कर दी और कार के शीशे तोड़ दिए। इसके बाद आरोपियों ने दोनों महिलाओं के साथ मारपीट की। जब ज्योति चिल्लाई तो उसकी भाभी निशा भी बाहर आ गई। इसके बाद आरोपियों ने तीनों के साथ मारपीट कर उनके कपड़े फाड़ दिए और उनके साथ छेड़छाड़ की। किसी तरह से तीनों महिलाएं अपनी जान बचाकर वहां से भागी और इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस सूचना मिलते ही तुरंत वहां पहुंच गई। पुलिस के आने से पहले ही आरोपी फरार हो गए। जांच अधिकारी इकबाल सिंह ने बताया कि आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उनकी तलाश में छापामारी की जा रही हैा। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।