फैक्टरी में नकदी का लेनदेन करने और खर्च के लिए पैसों का इस्तेमाल करने वाले वर्कर ने ही फैक्टरी मालिक की अलमारी में से साढ़े चार लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली। घटना का पता उस समय चला जब फैक्टरी मालिक ने नकदी देने के लिए निकालनी चाही। नकदी गायब देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने पहले सूरज से पूछा, लेकिन उसने कुछ भी पता नहीं होने की बात की। इसके बाद फैक्टरी मालिक न्यू अशोक नगर निवासी रीना शर्मा ने इसकी शिकायत पुलिस के पास की।
थाना सलेम टाबरी पुलिस ने जांच के बाद रीना की शिकायत पर खजूर चौक निवासी सूरज के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो पता चला कि उसने पैसे अपने खाते में जमा करवा दिए हैं। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है।
एएसआई जगमीत सिंह ने बताया कि आरोपी सूरज काफी समय से फैक्टरी में काम करता था। वह फैक्टरी की नकदी का हिसाब रखता था और फैक्टरी में खर्च होने वाले छिटपुट खर्चे का हिसाब भी वहीं करता था।
7 अगस्त को उसने फर्म के मालिक की अलमारी में 4.55 लाख रुपये रखे थे। 9 अगस्त को जब चेक किया तो वह गायब थे। मामले की जब पड़ताल की गई तो पाया गया कि वह चोरी सूरज ने की थी। फैक्टरी की सारी चाबियां उसी के पास होती थीं। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर जब पूछताछ की तो उसने कबूल कर लिया कि वह चोरी उसी ने की है। चोरी की सारी रकम उसने अपने बैंक अकाउंट में जमा करा दी है। जगमीत सिंह ने कहा कि अदालत से एक दिन का रिमांड हासिल करके उससे कड़ी पूछताछ की जा रही है। बैंक में जमा कराए पैसे भी निकाल कर कब्जे में लिए जाएंगे। पुलिस उसका पुराना रिकार्ड खंगाल रही है। आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।