बरनाला। गांव ठीकरीवाल के गुरुद्वारे का विवाद खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। करीब 15 दिन से चल रहे विवाद में नई चुनी गई कमेटी ने गुरुद्वारे के दफ्तर को ताला लगा दिया है, क्योंकि पुरानी कमेटी ने कब्जा नहीं छोड़ा था। बता दें कि गांव में पुरानी कमेटी के विरोध में विवाद छिड़ गया था। इसे खत्म करने के लिए करीब पांच दिन पहले तख्त श्री दमदमा साहिब से पंज प्यारे विशेष रूप से गांव पहुंचे थे। उनके साथ ही एसजीपीसी सदस्य बलदेव सिंह चुंघां भी आए थे।
गांववासियों की सहमति से पुरानी कमेटी के प्रधान भजन सिंह के साथियों की कमेटी को भंग करके जगसीर सिंह को नया प्रधान नियुक्त किया गया था। उनके साथ परमजीत सिंह, हरपाल सिंह, राम सिंह आदि को पदाधिकारी नियुक्त किया गया था। साथ ही पंज प्यारों ने आदेश दिया था कि सभी अधिकार नई कमेटी को दिए जाते हैं। ग्रामीण गुरप्रीत सिंह ने बताया कि पुरानी कमेटी ने दफ्तर पर कब्जा नहीं छोड़ा और उसे ताला लगाए रखा।
इसके चलते गांव निवासी मंगलवार को गुरुद्वारा साहिब में इकट्ठा हुए और उन्होंने सभी की हाजिरी में दफ्तर को ताला लगा दिया और साथ ही एलान किया कि अब किसी भी तरह की कार्रवाई का प्रशासन जिम्मेदार होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि गांव के पंच मनप्रीत सिंह, जो नई कमेटी के पक्ष में हैं, उन पर रविवार रात कुछ लोगों ने हमला करने की कोशिश की, जब वह नाईवाल रोड पर जा रहे थे। मामले की जानकारी उन्होंने पुलिस को दे दी है। यह हमला रंजिश के चलते हुआ है। डीएसपी सिटी राजेश स्नेही ने कहा कि वह खुद गुरुद्वारे का दौरा करके आए हैं। उन्होंने सभी से अपील की है कि कोई भी कानून व्यवस्था अपने हाथ में न ले। वह हमला करने वाले मामले की भी जांच कर रहे हैं।