सीआईएसएफ के अधिकारियों ने मंगलवार को सांसद रवनीत सिंह बिट्टू की रोजगार्डन के पास स्थित कोठी में उनसे मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सांसद रवनीत सिंह बिट्टू को सारी बात से अवगत करवाया और सुरक्षा घेरा बढ़ाने की बात कही। उसके बाद उन्होंने बिट्टू की सुरक्षा में तैनात अधिकारियों को दिशा निर्देश जारी किए। कैमरे लगने वाली जगह की भी पूरी प्लानिंग की गई और कोठी के बाहर गार्द तैनात करने के भी आदेश जारी कर दिए गए। 31 अगस्त को पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की बरसी पर भी उनकी सुरक्षा कड़ी रहेगी।
बुलेट प्रूफ और जैमर कार के साथ चलेगा दस गाड़ियों का काफिला
सांसद रवनीत सिंह बिट्टू के साथ अब दस के करीब गाड़ियों का काफिला चलेगा। इसमें एक सांसद रवनीत सिंह बिट्टू की पर्सनल कार, एक बुलेट प्रूफ कार, जैमर कार के साथ सीआईएसएफ के मुलाजिमों की कार और जिला पायलट के साथ-साथ करीब दस गाड़ियां चलेंगी। इससे पहले जेड प्लस सुरक्षा पंजाब के दो ही नेताओं के पास है, जिनमें पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल और शिअद प्रधान और फिरोजपुर से सांसद सुखबीर सिंह बादल शामिल हैं।
लगातार आतंकियों की खिलाफत करते रहते हैं बिट्टू
सांसद बिट्टू पहले भी कई बार आतंकियों के खिलाफ बयानबाजी करते रहे हैं और अब भी करते हैं। सांसद बिट्टू ने कहा कि वह पहले भी आतंकियों की खिलाफत करते रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे। पहले भी उन्हें लगातार धमकियां आती थी और अब भी आती हैं। वह किसी भी धमकियों से डरने वाले नहीं हैं।