बठिंडा। भाजपा नेत्री वीनू गोयल की अगुवाई में सोमवार को ‘पंजाबियों जागो नशा त्यागो’ के बैनर तले नशा विरोधी रैली निकाली गई। उक्त रैली में महिलाओं व युवतियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। इस दौरान बाइक और स्कूटी पर यातायात नियमों का खूब उल्लंघन हुआ और पुलिस मूकदर्शक बनी रही।
वीनू गोयल ने कहा कि गृहमंत्री अमित शाह ने कहा है कि मोदी सरकार नशों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है। उक्त रैली थाना कैनाल कॉलोनी से शुरू होते हुए श्री गोशाला रोड, संगुआणा बस्ती, मुल्तानिया रोड पर होते हुए गुरुद्वारा श्री कलगीधर साहिब के पास संपन्न हुई।
एक दोपहिया वाहन पर दिखीं तीन-चार युवतियां
उक्त रैली में शामिल होने पहुंची बालिग एवं नाबालिग युवतियां पुलिस की हाजिरी में ट्रैफिक नियम तोड़ रही थीं। एक दोपहिया वाहन पर तीन एवं चार युवतियां सवार दिखीं। इस दौरान पुलिस भी मौजूद रही, लेकिन किसी मुलाजिम ने उन्हें समझाने का प्रयास नहीं किया।