लुधियाना। बिहार के अलग अलग जिलों से लाकर महानगर में सप्लाई करने वाले बिहार के दो नशा तस्करों सहित चार नशा तस्करों को स्पेशल ब्रांच की टीम ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को थाना डिवीजन दो के इलाके में नाकाबंदी के दौरान गिरफ्तार किया है। पुुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो किलो छह सौ ग्राम अफीम बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में बिहार के गया स्थित गांव रेबदा निवासी दीपक उर्फ बाबू, बिहार के गया स्थित गांव दौरा निवासी दीन दयाल उर्फ दिल पटेल, लोहारा 33 फुटा रोड निवासी विजय सिंह और मोहल्ला गयासपुरा निवासी सर्वेश सिंह के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी है।
पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि स्पेशल ब्रांच के इंचार्ज इंस्पेक्टर बेअंद जुनेजा की अगवाई में पुलिस पार्टी ने डिविजन दो इलाके में नाकाबंदी कर रखी थी। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी नशा तस्करी का धंधा करते है और बिहार के अलग अलग जिलों से अफीम लाकर महानगर में सप्लाई करते है।
पुलिस के अनुसार नाकाबंदी के दौरान आरोपियों को काबू कर अफीम बरामद की गई। पुलिस पूछताछ में पता चला कि आरोपी बिहार से पहले भी कई बार अफीम की खेप लाकर महानगर में सप्लाई कर चुके है। उधर, स्पेशल ब्रांच की टीम ने ही कंगनवाल निवासी रंजीत पांडे उर्फ बिल्लू के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी डिविजन पांच इलाके में नाकाबंदी के दौरान काबू कर उसके कब्जे से एक किलो छह सौ ग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर पता लगाने में जुटी है कि वह गांजा कहां से लाकर कहां सप्लाई करता है।