लुधियाना। महानगर में सिंगल यूज पॉलिथीन की खरीद-फरोख्त करने वालों के खिलाफ नगर निगम ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पहले दिन निगम टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी कर लगभग डेढ़ क्विंटल सिंगल यूज पॉलिथीन बैग जब्त किए हैं। इसके अलावा दुकानदारों को लगभग एक लाख रुपये जुर्माना किया गया है।
नगर निगम ने शहर में सिंगल यूज क्रॉकरी बेचने वालों को भी चेतावनी जारी कर दी है।
गौरतलब है कि कुछ समय पहले शहर में भारी बरसात के चलते जलभराव की स्थिति बन गई थी। शहर का कोई क्षेत्र ऐसा नहीं बचा था, जहां पर पानी न भरा हो। इसके पीछे सबसे बड़ा कारण सिंगल यूज पॉलिथीन बैग थे। इसके बाद मेयर बलकार संधू ने घोषणा की थी कि एक अगस्त से शहर में सिंग यूज पॉलिथीन पर प्रतिबंध लगा दिया जाएगा।
टीम प्रभारी जसदेव सेखों ने बताया कि पहले दिन फील्डगंज, खुडमोहल्ला, चंडीगढ़ रोड के अलावा कुछ अन्य इलाकों में रिटेलरों व होलसेलरों के पास छापेमारी की गई है। अगर कोई दूसरी बार पॉलिथीन बैग का इस्तेमाल का प्रयोग करता हुआ पकड़ा गया तो कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।