लुधियाना। मेहरबान के इलाके गांव बाजड़ा में किराये के मकान में रहने वाले नवविवाहित दंपती ने रविवार की सुबह अपने घर पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पिछले जून महीने में ही दोनों ने दूसरी शादी की थी। तभी से दोनों में घरेलू बातों को लेकर झगड़ा होता रहता था। घटना का पता उस समय चला जब मृतक विवाहिता की बहन उसे बुलाने के लिए आई। अंदर दोनों के शव लटकते देख उसने शोर मचा दिया। सूचना मिलने के कुछ समय बाद ही थाना मेहरबान की पुलिस मौके पर पहुंच गई। जांच के दौरान पता चला कि दंपती ने घरेलू बातों को लेक र हो रहे झगड़े के कारण आत्महत्या की है। मृतक की पहचान अखिलेश (30) औऱ रीटा (25) के रूप में हुई है। पुलिस ने जांच के बाद दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिए हैं।
थाना मेहरबान के एसएचओ इंस्पेक्टर पवन कुमार ने बताया कि दोनों मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जिला हरदोई के रहने वाले हैं। अखिलेश की भी दूसरी शादी थी और रीेटा की भी दूसरी शादी थी। दोनों ही मेहरबान इलाके में फैक्टरी में काम करते थे। अखिलेश शराब पीने का आदी था। वह रोजाना शराब पीकर घर आता था, जिस कारण उसका अपनी पत्नी व बेटे के साथ किसी व किसी बात को लेकर झगड़ा होता था और नौबत मारपीट तक पहुंच जाती थी। कई बार दोनों के रिश्तेदार उनमें सुलह भी करवा चुके थे। रीटा को अपनी बहन रचना रोजाना रास्ते में मिल जाती थी और दोनों इकट्ठे फैक्टरी के लिए निकलती थीं। बताया जाता है कि शनिवार को भी घरेलू वजह से दोनों पति-पत्नी में झगड़ा हुआ था। इसके बाद उन्होंने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
रविवार सुबह जब रीटा काम पर जाने के लिए रास्ते पर नहीं मिली तो उसकी बहन रचना उसे बुलाने के लिए घर चली गई। वहां दरवाजा बंद था। किसी तरह से दरवाजा खुलवाया गया और अंदर दोनों के शव लटकते देख वह सन्न रह गई। उसका शोर सुनकर लोग जमा हो गए। तत्काल इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। इंस्पेक्टर पवन कुमार ने बताया कि अभी तक की जांच में यह सामने आया है कि दोनों के बीच में घरेलू बातों को लेकर झगड़ा और मारपीट होती थी, जिस कारण उन्होंने आत्महत्या की है। दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिए हैं और उत्तर प्रदेश हरदोई में रहने वाले उनके परिवार वालों को सूचित कर दिया गया है।