- गांव बोपाराय कलां के सरपंच से सर्टिफिकेट जारी करने के नाम पर मांगे थे 50 हजार
संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। विकास कार्य करवाने के लिए इस्तेमाल सर्टिफिकेट जारी करने और ग्रांट अदायगी के लिए गांव के सरपंच से रिश्वत मांगने वाले सुधार गांव के ब्लाॅक विकास और पंचायत अफसर (बीडीपीओ) अशोक कुमार को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते विजिलेंस ने रंगे हाथों दबोचा है। यह कार्रवाई विजिलेंस की टीम ने गांव बोपाराय कलां के सरपंच लखवीर सिंह की शिकायत पर की है।
सोमवार सुबह दफ्तर में रिश्वत के पैसे लेते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी अशोक कुमार के खिलाफ विजिलेंस ने भ्रष्टाचार की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को मंगलवार अदालत में पेश किया जाएगा। एसएसपी विजिलेंस रविंदर पाल सिंह संधू ने बताया कि अशोक कुमार गांव सुधार में बतौर बीडीपीओ तैनात है। गांव बोपाराय कलां के सरपंच लखवीर सिंह ने विजिलेंस को शिकायत दी थी कि आरोपी ग्राम पंचायत में विकास कार्य करवाने के लिए इस्तेमाल सर्टिफिकेट और ग्रांट की अदायगी के लिए पचास हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था।
उन्होंने आरोपी को रिश्वत न देने की बात कही तो उसने काम करने से मना कर दिया। इसके बाद दोनों में 25 हजार रुपये में सौदा तय हो गया। इसी दौरान लखवीर सिंह ने इसकी शिकायत विजिलेंस के पास कर दी। विजिलेंस ने योजना बनाकर तैयारी कर ली। जैसे ही लखवीर सिंह ने आरोपी अशोक कुमार को रिश्वत के 25 हजार रुपये पकड़ाए, तभी विजिलेंस ने उसे दबोच लिया।