सलेम टाबरी के जस्सियां स्थित नवनीत नगर इलाके में शनिवार को मां ने चार साल की बच्ची का सिर बाथरूम की दीवार पर पटककर हत्या कर दी। बच्ची के पिता ने जब रोने की आवाज सुनी तो वह ऊपर गए। महिला बच्ची का सिर बार-बार दीवार पर पटक रही थी। पिता ने बच्ची को छुड़वाया और तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बच्ची की पहचान दर्पण के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही थाना सलेम टाबरी की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बच्ची की मां प्रियंका के खिलाफ हत्या का मामला दर्जकर गिरफ्तार कर लिया है। महिला के पति ने पुलिस को बताया कि प्रियंका दूसरी बेटी होने के बाद से गुस्से में थी।
थाना सलेम टाबरी के एसएचओ इंस्पेक्टर कृष्ण गोपाल ने बताया कि बच्ची का परिवार मूलरूप से बिहार के जिला पूर्णिया का रहने वाला है। काफी समय से परिवार यहीं रह रहा है। बच्ची का पिता टिंकू कुमार मार्बल लगाने का काम करता है। शादी के एक साल बाद उनके घर दर्पण ने जन्म लिया था। दो महीने पहले उनकी दूसरी बेटी हुई। इसके बाद से प्रिंयका दिमागी रूप से परेशान थी।
इसी कारण वह अक्सर बच्ची दर्पण के साथ मारपीट करती थी। प्रियंका ने पहले भी बच्ची को मारने की कोशिश की थी। हर बार टिंकू बच्ची को बचा लेता था। शनिवार सुबह वह नीचे कमरे में था। प्रियंका ऊपर बाथरूम में थी। उसने बेटी को आवाज लगाकर शैंपू देने को कहा। बच्ची जब शैंपू देने गई तो प्रियंका ने बच्ची को पकड़कर पीटना शुरू कर दिया।
बच्ची के रोने की आवाज सुनकर टिंकू ऊपर भागा। तब तक प्रियंका बच्ची का सिर दीवार में कई बार पटक चुकी थी। खून से लथपथ बच्ची को टिंकू ने छुड़वाया और अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर कृष्ण गोपाल ने बताया कि आरोपी महिला का मेडिकल करवाया जाएगा। बच्ची के पोस्टमार्टम के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।