चार माह से घर से लापता चल रहे न्यू सुभाष नगर इलाके में रहने वाले वरिंदर कुमार का शव लाडोवाल के पास गुजरने वाले रेलवे पुल पर लटकता मिला। राहगीर ने शव लटका देख जानकारी पुलिस को दी। सूचना के बाद जब थाना लाडोवाल की पुलिस पहुंची तो पता चला कि व्यक्ति सुभाष नगर का रहने वाला है। थाना टिब्बा पुलिस ने दो दिन पहले ही उसकी गुमशुदगी का केस दर्ज किया था। पुलिस ने जांच के बाद शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी देते हुए एएसआई जसपाल सिंह ने बताया कि रविंदर कुमार अपने घर से 5 दिसंबर 2021 को निकला था, जो घर नहीं आया। उसके भाई रजिंदर कुमार का कहना था कि वह अक्सर ऐसे घर ही से जाता था और वापस आ जाता था। मगर इस बार काफी समय बीत गया था और रविंदर घर नहीं लौटा था। जिस कारण परिवार की परेशानी लगातार बढ़ रही थी।
रविंदर के भाई के अनुसार रविंदर ने काम के लिए लोगों से कर्ज लिया था लेकिन कामधंधा नहीं चला तो वह परेशान रहने लगा था। कर्जदार उससे पैसा मांगते थे लेकिन वह नहीं दे पा रहा था। इसलिए रविंदर घर से चला गया। परिवार ने पुलिस को शिकायत दी तो पुलिस ने केस दर्ज कर लिया।
पुलिस का कहना है कि बुधवार की शाम उन्हें थाना लाडोवाल के ड्यूटी ऑफिसर की कॉल आई कि एक युवक का शव रेलवे पुल पर लटका है। जब जाकर देखा तो शव रविंदर का था। जिसे नीचे उतार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि परिवार के बयान के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।