लुधियाना जामा मस्जिद के बाहर रमजान उल मुबारक के अलविदा जुमे की नमाज अदा करते हुए मुस्लिम भाईचारे
- फोटो : LUDHIANA
लुधियाना। पवित्र रमजान शरीफ के अलविदा जुमा के मौके पर फील्डगंज चौक स्थित ऐतिहासिक जामा मस्जिद में हजारों मुसलमानों ने नमाज अदा की। नमाजियों की संख्या को देखते हुए शाहपुर रोड पर नमाज के लिए विशेष प्रबंध किए गए थे।
इस मौके पर संबोधित करते हुए पंजाब के शाही इमाम मौलाना उसमान रहमानी लुधियानवी ने कहा कि रमजान शरीफ का महीना अल्लाह ताला से इश्क और मोहब्बत का महीना है। इस मुबारक महीने में बंदा खुदा और उसके रसूल सल्ललाहु अलैहीवसल्लम से अपने इश्क का इजहार करते हुए गुनाहों से तौबा करता है। मौलाना उसमान रहमानी लुधियानवी ने कहा कि रमजान के कुछ रोजे अभी बाकी हैं, हमें चाहिए कि इस वक्त की खूब कद्र करें और इबादत में लगे रहें। खुले दिल से गरीबों की मदद करें, क्योंकि खुदा ने हमें देने वालों में रखा है न कि लेने वालों में। मौलाना उसमान ने कहा कि आपसी रंजिश को खत्म करके एक-दूसरे से मोहब्बत का इजहार करें। उन्होंने कहा कि मुसलमान इस आग उगलती गर्मी में भी तकरीबन 16 घंटे भूखा-प्यासा रहकर अपने रब्ब के हुक्म का पालन करता है। शुक्रवार को पवित्र रमजान शरीफ का आखिरी जुम्मा था। शहर की सभी मस्जिदों में लाखों की संख्या में नमाजी एकत्रित हुए। शाही इमाम मौलाना उसमान रहमानी लुधियानवी ने बताया कि शहर भर की अलग-अलग मस्जिदों में 5 लाख से ज्यादा मुसलमानों नें अलविदा जुमे की नमाज अदा की।