कचहरी परिसर में ब्लास्ट के बाद जहां पूरे शहर के लोग दहशत में है और तरह तरह की बातें हो रही हैं। लोगों का हौंसला और अपनी टीम का हौंसला बढ़ाने के लिए पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर शुक्रवार देर शाम को शहर में फ्लैग मार्च के लिए निकले। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ अपना काम कर रही है।
अधिकारी पूरी मेहनत के साथ काम करने में जुटे है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान पुलिस को कई क्लू मिले है। जांच सकारात्मक चल रही है। उम्मीद है कि जल्द ही इसमें कई खुलासे किए जाएंगे। एनएसजी और एनआईए की टीम जांच कर रही है। शनिवार तक वह उन्हें लिस्ट सौंप देंगी। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मृतक की पहचान के बारे में उन्होंने कहा कि अभी उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। बाकी जांच सही दिशा में है और कई खुलासे होंगे। क्रिसमस और नए साल के जश्न के दौरान शहर में सुरक्षा पूरी तरह से रहेगी।
गगनदीप का ऐसे लगा सुराग
जांच एजेंसी ने घटनास्थल की जब बारीकी से जांच की तो वहां से टूटा मोबाइल फोन, सिम कार्ड और एक डोंगल मिला। इसकी जांच करने पर पुलिस को खन्ना के एक व्यक्ति का सुराग लगा। पुलिस ने जब उससे सख्ती से पूछताछ की तो उसने गगनदीप के बारे में बताया। पुलिस गगनदीप के घर पहुंची और परिवार से पूछताछ की। घटनास्थल से मिले शव के हाथ पर एक धार्मिक निशान बना हुआ था। पुलिस ने जब परिजनों को शव की फोटो दिखाई तो परिजनों ने गगनदीप की पहचान कर ली।
खालिस्तानी कट्टरपंथी सोच का था
आस पड़ोस के लोगों ने बताया कि गगनदीप खालिस्तानी कट्टरपंथी सोच का था। वह किसी से ज्यादा बात नहीं करता था। एक महिला के साथ वह नशे की तस्करी में शामिल था। धार्मिक चिह्न को देखते ही आसपास के लोग पहचान गए कि मरने वाला युवक गगनदीप है। अब पुलिस जलालाबाद में हुए विस्फोट का लिंक भी खोज रही है।