लुधियाना। जेल में बंद हवालातियों और कैदियों के कब्जे से रोजाना मोबाइल फोन मिलते जा रहे हैं। इतनी सख्ती के बावजूद भी जेल प्रशासन को समझ नहीं आ रहा कि मोबाइल फोन कैसे जेल के अंदर पहुंच रहे हैं। सीआरपीएफ और पंजाब पुलिस के सख्त पहरे के बावजूद भी मोबाइल फोन मिलते जा रहे हैं। जेल प्रशासन ने चेकिंग के दौरान नौ हवालातियों के कब्जे से नौ मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस जांच में जुटी है कि आरोपियों के पास मोबाइल फोन कहां से आए।
जेल के सहायक सुपरिंटेंडेंट हरमिंदर सिंह की शिकायत पर थाना डिविजन सात की पुलिस ने बबलप्रीत सिंह, गुरचरण सिंह, रिश्वप्रीत सिंह, सतनाम सिंह तथा अमन कुमार के खिलाफ केस दर्ज किया। जेल प्रशासन ने चेकिंग के दौरान आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इसके अलावा जेल प्रशासन की टीम ने मनोज कुमार, सोनू कुमार, सुरजीत सिंह और सोहेल खान के कब्जे से भी एक एक मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस ने इन सभी लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पहले भी हो चुके हैं मोबाइल फोन बरामद
जेल में मोबाइल फोन मिलने का यह पहला मामला नहीं है, इससे पहले भी जेल में बंद हवालातियों और कैदियों के कब्जे से मोबाइल फोन मिल चुके हैं। कुछ समय पहले तो जेल प्रशासन ने एक हवालाती के कब्जे से स्मैक भी बरामद की थी। इसके बाद यह साफ हो गया था कि जेल के अंदर नशे का कारोबार भी चलता है। अब बड़ा सवाल यह है कि जेल में बंद आरोपियों के पास मोबाइल फोन कहां से आते हैं, इसकी जांच की जा रही है।