लुधियाना में हिजाब मार्च निकालतीं मुस्लिम महिलाएं।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
कर्नाटक के एक कॉलेज में पढ़ने वाली मुस्लिम छात्राओं के हिजाब पहनने को लेकर शुरू किए गए विरोध की आंच पंजाब में भी पहुंच गई है। शनिवार को लुधियाना में मुस्लिम महिलाओं ने हिजाब मार्च निकाला। मार्च सिविल अस्पताल रोड से ब्राउन रोड, सुभानी बिल्डिंग, जामा मस्जिद जेल रोड होते हुए निकाला गया।
इससे पहले ऐतिहासिक जामा मस्जिद में शाही इमाम पंजाब मौलाना मोहम्मद उस्मान लुधियानवी कहा कि हम कर्नाटक की उस बहादुर बेटी मुस्कान को सलाम पेश करते हैं कि जिसने दर्जनों फिरका प्रस्तों का अल्लाह-हु-अकबर की आवाज के साथ मुंह तोड़ जवाब दिया। उन्होने कहा कि मुस्कान ने बुजदिलों को स्पष्ट बता दिया है कि बेटियां डरने वाली नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि एक तरफ सरकार कहती है कि बेटी पढ़ाओ और दूसरी तरफ बेटियों को सिर्फ हिजाब की वजह से पढ़ने से रोकने की कोशिश की जा रही है। जबकि हिजाब और बुरका आज नहीं आया है, इसे पढ़ाई के साथ-साथ सदियों से मुस्लिम बेटियां पहनती आ रही हैं तो फिर अब अचानक ऐसा क्या हो गया कि इस पर राजनीति शुरू कर दी गईं है।