लुधियाना बस स्टैंड के पास बने रायल गेस्ट हाउस में वीरवार सुबह आग लग गई। आग के साथ पैदा हुए धुएं के कारण दम घुटने से गेस्ट हाउस में सो रहे प्रेमी जोड़े की माैत हो गई। इसके अलावा दो लोगों की तबीयत खराब होने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिन्हें शाम को छुट्टी दे दी गई। मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के मक्खनपुर खीरी (जिला बलिया) निवासी बलजिंदर सिंह (29) और पंजाब के डेहलो के गांव रणिया निवासी राजपाल काैर (50) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है दोनों प्रेमी युगल थे। एसी में शाॅर्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आ रही है।
पुलिस ने बताया कि जवाहर नगर कैंप की ओर रॉयल गेस्ट हाऊस बना है। वीरवार सुबह अचानक से गेस्ट हाऊस के खाली कमरे में आग लग गई। देखते ही देखते आग इतनी फैल गई कि पूरा गेस्ट हाउस धुएं से भर गया। आसपास के लोगों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया। वहीं, अंदर फंसे लोगों को भी बाहर निकालने का प्रयास किया। इस दाैरान दो लोगों को बाहर निकाला गया, जिन्हें तबीयत खराब होने पर निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, दूसरी मंजिल पर फंसे बलजिंदर और राजपाल काैर को भी बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डाॅक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उत्तर प्रदेश से बस लेकर लुधियाना आता था बलजिंदर
जांच अधिकारी एएसआई सोना सिंह ने बताया कि बलजिंदर बस में काम करता है और उत्तरप्रदेश से बस लेकर लुधियाना आता है। कुछ समय पहले उसकी मुलाकात राजपाल कौर से बस में हुई थी। यहीं से दोनों की दोस्ती हुई। पुलिस ने बताया कि गेस्ट हाउस के रिकाॅर्ड के अनुसार दोनों ने रात को ही यहां कमरा लिया था। इसके बाद से वे दोनों बाहर नहीं आए और सुबह हादसा हो गया।
गेस्ट हाऊस को फिलहाल सील कर दिया है। दोनों मृतकों के परिवार वालों को सूचना दे दी है। बलजिंदर के परिवार वाले वहां से निकल चुके है। उनके आने के बाद ही पोस्टमार्टम होगा। -विजय कुमार, एसएचओ, डिविजन थाना-पांच